हज़ारीबाग : गिद्दी पुलिस ने सोमवार को रेलीगढ़ा स्थित राजकीय नारायण सिंह प्लस टू उच्च विद्यालय में जागरूकता अभियान चलाकर छात्र-छात्राओं को कानून, साइबर सुरक्षा और सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम का नेतृत्व गिद्दी थाना प्रभारी इकबाल हुसैन ने किया।अभियान के दौरान विद्यार्थियों को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की मूलभूत जानकारी दी गई। साथ ही यातायात नियमों का पालन करने, आपातकालीन स्थिति में डायल-112 सेवा का उपयोग करने तथा साइबर ठगी से बचने के प्रभावी उपायों के बारे में विस्तार से बताया गया।
इसके अलावा पुलिस अधिकारियों ने डायन प्रथा, बाल विवाह, मानव तस्करी और मॉब लिंचिंग जैसे गंभीर अपराधों से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी देते हुए छात्रों से इन सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूक रहने और समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।थाना प्रभारी इकबाल हुसैन ने कहा कि विद्यार्थी देश का भविष्य हैं। उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ कानून, सामाजिक जिम्मेदारियों और डिजिटल सुरक्षा की भी जानकारी होना आवश्यक है, ताकि वे स्वयं सुरक्षित रहें और दूसरों को भी जागरूक कर सकें।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, पुलिसकर्मी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने भी कार्यक्रम में रुचि लेते हुए विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे, जिनका पुलिस अधिकारियों ने विस्तार से उत्तर दिया।
Tags
हज़ारीबाग
Comments