बोकारो में विस्थापितों का अनोखा प्रदर्शन: डीसी-डीडीसी की प्रतीकात्मक शवयात्रा निकालने पर पुलिस से नोकझोंक

बोकारो: अपनी सात सूत्री मांगों को लेकर सोमवार को विस्थापित नौजवान संघर्ष मोर्चा ने बोकारो में अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने जिला उपायुक्त (डीसी) और उप विकास आयुक्त (डीडीसी) की प्रतीकात्मक शवयात्रा निकालकर डीपीएलआर कार्यालय के समक्ष उसका अंतिम संस्कार करने का प्रयास किया। हालांकि पुलिस ने उन्हें ऐसा करने से रोक दिया, जिसके बाद प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच नोकझोंक और धक्का-मुक्की की स्थिति उत्पन्न हो गई।

प्रदर्शन के दौरान पुलिस और विस्थापितों के बीच प्रतीकात्मक अर्थी को लेकर छीना-झपटी भी हुई। कुछ समय तक मौके पर तनावपूर्ण माहौल बना रहा, हालांकि बाद में स्थिति नियंत्रित कर ली गई।विस्थापित नौजवान संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष अरुण महतो ने आरोप लगाया कि पिछले चार वर्षों से जांच के नाम पर केवल समितियां बनाकर विस्थापितों को गुमराह किया जा रहा है। उनका कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बावजूद दोषियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई।उन्होंने आरोप लगाया कि डीपीएलआर कार्यालय द्वारा गलत तरीके से पर्चा तैयार किया गया तथा राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण के दौरान पात्र लोगों की जगह अन्य लोगों को मुआवजे की राशि का भुगतान किया गया। 

उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।अरुण महतो ने यह भी आरोप लगाया कि कार्यालय में भ्रष्टाचार व्याप्त है और अवैध वसूली कर अधिकारियों तक पैसे पहुंचाए जाते हैं, जिसके कारण कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा तथा विरोध के अगले चरण में अधिकारियों का प्रतीकात्मक श्रद्धाकर्म भी किया जाएगा।फिलहाल पुलिस की मौजूदगी में स्थिति सामान्य है और प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

Comments

और नया पुराने