डुमरिया: पोटका विधायक संजीव सरदार ने गुरुवार को डुमरिया प्रखंड के कांटाशोल स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक, आवासीय एवं आधारभूत सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया। छात्रावास में रह रहे विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।छात्रावास, किचन और शौचालय की व्यवस्थाओं का लिया जायजानिरीक्षण के दौरान विधायक ने छात्रावास, किचन, शौचालय, भोजनालय तथा प्रधानाचार्य कार्यालय का निरीक्षण किया।
समीक्षा के दौरान मेनू के अनुरूप भोजन उपलब्ध नहीं होने और बाथरूम के कई नल टूटे होने की शिकायत सामने आई। इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य को तत्काल सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने का निर्देश दिया। उन्होंने विशेष रूप से स्वच्छ पेयजल, गुणवत्तापूर्ण भोजन और साफ-सफाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।विद्यार्थियों से सीधा संवाद, हर समस्या के समाधान का दिया भरोसाविधायक संजीव सरदार ने छात्र-छात्राओं से बातचीत करते हुए उनकी पढ़ाई, भोजन, स्वास्थ्य और अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों को आश्वस्त किया कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर वे अपने अभिभावकों के माध्यम से या सीधे उन्हें अवगत कराएं, ताकि उसका शीघ्र समाधान कराया जा सके।कर्मचारियों के मानदेय भुगतान को लेकर डीडीसी से की बातनिरीक्षण के दौरान विद्यालय के शिक्षकीय एवं गैर-शिक्षकीय कर्मचारियों ने मानदेय भुगतान से जुड़ी समस्याओं से विधायक को अवगत कराया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए विधायक ने पूर्वी सिंहभूम के उप विकास आयुक्त (डीडीसी) से दूरभाष पर वार्ता कर जल्द आवश्यक कार्रवाई करने और कर्मचारियों के लंबित मानदेय भुगतान का समाधान सुनिश्चित करने का आग्रह किया।शिक्षा और सुविधाओं से कोई समझौता नहींविधायक ने कहा कि आवासीय विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चे राज्य और देश का भविष्य हैं। उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सुरक्षित वातावरण, पौष्टिक भोजन और बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को नियमित निगरानी रखने तथा विद्यार्थियों के हित में सभी व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने का निर्देश दिया।निरीक्षण के दौरान विधायक ने विद्यालय परिसर में निर्माणाधीन नए भवनों का भी निरीक्षण किया और कार्यों की गुणवत्ता एवं समय पर पूर्णता सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।इस अवसर पर झामुमो प्रखंड अध्यक्ष मिर्जा सोरेन, सचिव जयपाल सिंह मुर्मू, भगत बास्के, भगत हांसदा, अर्जुन मुर्मू, रामदास हेंब्रम, काजमान सिंह सरदार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Tags
डुमरिया
Comments