गोलमुरी में अपराधियों का खूनी तांडव: चालक-खलासी पर चापड़ से हमला, सोने की चेन और नकदी लूटी


जमशेदपुर: शहर में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए हैं। गोलमुरी थाना क्षेत्र में बीती रात बेखौफ बदमाशों ने एक मालवाहक वाहन के चालक और खलासी पर जानलेवा हमला कर लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। घटना में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि खलासी को भी चोटें आई हैं। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक 407 मालवाहक वाहन के चालक और खलासी माल लेकर गोलमुरी स्थित एक ट्रांसपोर्ट कंपनी पहुंचे थे। देर रात होने के कारण माल की अनलोडिंग नहीं हो सकी, जिसके बाद दोनों ने वाहन को ट्रांसपोर्ट परिसर के पास खड़ा कर उसी में रात बिताने का फैसला किया।बताया जाता है कि रात करीब 2 बजे से 2:30 बजे के बीच दो से तीन नकाबपोश बदमाश वाहन के पास पहुंचे और गाड़ी का दरवाजा खोलने को कहा। चालक और खलासी द्वारा मना किए जाने पर आरोपियों ने वहां वाहन खड़ा करने के एवज में रंगदारी की मांग शुरू कर दी।डर के कारण चालक ने खिड़की थोड़ा खोलकर उन्हें ₹500 दे दिए, लेकिन अपराधियों ने और पैसे की मांग की। इसी दौरान बदमाशों ने धारदार हथियार चापड़ से वाहन की खिड़की पर हमला कर शीशा तोड़ दिया और जबरन अंदर घुस गए।इसके बाद अपराधियों ने चालक और खलासी के साथ बेरहमी से मारपीट की। चालक के हाथ पर चापड़ से दो वार किए गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं खलासी को भी चोटें आईं। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश चालक के गले से सोने-चांदी की चेन, नकदी और अन्य सामान लूटकर फरार हो गए। जाते-जाते उन्होंने दोनों को जान से मारने की धमकी भी दी।घटना की सूचना मिलते ही गोलमुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोगों ने पुलिस से रात के समय गश्त बढ़ाने तथा अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Comments

और नया पुराने