सरायकेला-खरसावां, 12 जून 2026: भीषण गर्मी और तेज धूप के बीच आमजन की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में जुटे पुलिसकर्मियों की कठिनाइयों को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, सरायकेला-खरसावां ने मानवीय पहल करते हुए उन्हें राहत पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है।पुलिस अधीक्षक के कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, जिले के यातायात थाना में प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारी एवं आरक्षी कर्मी लगातार कड़ी धूप और अत्यधिक तापमान के बीच अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं।
उनकी कार्य परिस्थितियों और स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए पुलिस अधीक्षक महोदया द्वारा जिले के महत्वपूर्ण यातायात पोस्टों पर तैनात 03 पुलिस पदाधिकारियों और 03 आरक्षीकर्मियों को कुल 06 कूलिंग जैकेट वितरित किए गए।इसके अलावा, जिले के विभिन्न थाना, ओपी, कार्यालय एवं पुलिस केंद्रों में कार्यरत पुलिसकर्मियों को गर्मी से राहत प्रदान करने के उद्देश्य से आवश्यक संसाधनों का भी वितरण किया गया। इस दौरान 26 सिलिंग पंखे, 45 स्टैंड पंखे, 07 कूलर तथा 02 दीवार पंखे संबंधित इकाइयों को उपलब्ध कराए गए,
ताकि पुलिसकर्मियों को बेहतर कार्य वातावरण मिल सके और वे अधिक दक्षता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकें।पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि पुलिस बल के कल्याण और उनकी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देना विभाग की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि निकट भविष्य में भी पुलिसकर्मियों की समस्याओं के समाधान और उनके कार्यस्थल की सुविधाओं में सुधार के लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे।यह पहल न केवल पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य और मनोबल को मजबूत करेगी, बल्कि विपरीत परिस्थितियों में भी जनता की सेवा में तत्पर रहने वाले जवानों के प्रति विभाग की संवेदनशीलता को भी दर्शाती है।
Comments