पत्नी के सिर पर खलबट्टे से वार,एमजीएम थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद बना हत्या की वजह


जमशेदपुर: जमशेदपुर के एमजीएम थाना क्षेत्र अंतर्गत तुरियाबेड़ा स्थित धर्माबांधा में मंगलवार देर रात घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पति द्वारा किए गए हमले में गंभीर रूप से घायल महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।मृतका की पहचान गीता मंडल (40) के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उसका पति बापी मंडल बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद गुस्से में आकर बापी मंडल ने खलबट्टे से गीता के सिर पर वार कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल गीता को सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची एमजीएम थाना पुलिस ने तत्काल एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।प्रारंभिक जांच में पता चला है कि बापी मंडल डिमना रोड क्षेत्र में एक होटल संचालित करता है। बताया जा रहा है कि बापी और गीता दोनों की यह दूसरी शादी थी। बापी के दो बच्चे हैं, जबकि गीता भी अपने पूर्व पति से अलग रह रही थी।पुलिस को दिए गए बयान में आरोपी बापी मंडल ने बताया कि पिछले कुछ महीनों से गीता की बारीडीह निवासी एक युवक से फोन पर बातचीत को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। इस मुद्दे को लेकर पहले भी कई बार दोनों के बीच कहासुनी हुई थी और मामला उलीडीह थाना तक पहुंचा था, जहां समझौता करा दिया गया था।मंगलवार की रात इसी बात को लेकर दोनों के बीच फिर विवाद हुआ और आरोप है कि आवेश में आकर बापी मंडल ने खलबट्टे से गीता के सिर पर हमला कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है तथा पुलिस सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।

Comments

और नया पुराने