अवैध संबंध के शक में कन्वाई चालक मोहन हसदा की डेकची से पीट-पीटकर हत्या, आरोपी पति गिरफ्तार


जमशेदपुर: परसुडीह थाना क्षेत्र के करनडीह लाइन टोला में मंगलवार देर रात अवैध संबंध के शक में 35 वर्षीय कन्वाई चालक मोहन हसदा की स्टील की डेकची से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही बुधवार सुबह पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी राजू मुर्मू को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ कर रही है।मृतक मोहन हसदा मूल रूप से ओडिशा का रहने वाला था, जबकि उसके भाई सुंदरनगर के नया बस्ती इलाके में रहते हैं। बताया जा रहा है कि मोहन का आरोपी राजू मुर्मू के घर अक्सर आना-जाना था। वह राजू की पत्नी सविता मुर्मू को अपनी "मुंहबोली मामी" कहता था, लेकिन राजू को दोनों के रिश्ते पर गहरा शक था, जिसे लेकर घर में अक्सर विवाद होता था।मंगलवार देर रात मोहन हसदा जब करनडीह लाइन टोला स्थित राजू मुर्मू के घर पहुंचा, तभी अवैध संबंध के शक को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर राजू ने घर में रखी भारी स्टील की डेकची उठाकर मोहन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट लगने के कारण मोहन की मौके पर ही मौत हो गई।आरोपी की पत्नी सविता मुर्मू ने बताया कि उसके पति ने पहले उस पर मोहन के साथ संबंध होने का आरोप लगाते हुए मारपीट की और उसे घर से भगा दिया। डर के कारण वह अपने दोनों बच्चों को लेकर दूसरे के घर चली गई। सविता के अनुसार, उसके जाने के बाद घर के अंदर क्या हुआ, इसकी उसे जानकारी नहीं थी। बुधवार सुबह लौटने पर उसे मोहन की हत्या की जानकारी मिली।पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त स्टील की डेकची बरामद कर ली है। आरोपी राजू मुर्मू को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

Comments

और नया पुराने