स्व. के.के. सिंह की जयंती पर रक्तदान महाकैंप, सैकड़ों युवाओं ने किया स्वैच्छिक रक्तदान; मानव सेवा का दिया संदेश


जमशेदपुर: साकची स्थित रेड क्रॉस भवन में रविवार को स्वर्गीय के.के. सिंह की जयंती के अवसर पर के.के. एजुकेशनल फाउंडेशन ट्रस्ट एवं इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम के संयुक्त तत्वावधान में विशाल रक्तदान महाकैंप का आयोजन किया गया। सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक चले इस शिविर में बड़ी संख्या में युवाओं, समाजसेवियों एवं विभिन्न संस्थाओं के सदस्यों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया।

शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए पर्याप्त रक्त उपलब्ध कराना तथा समाज में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करना था। रक्तदाताओं को इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी की ओर से प्रमाण-पत्र एवं स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया गया।इस अवसर पर स्वर्गीय के.के. सिंह के पुत्र विकास सिंह ने कहा कि उनके पिता रेड क्रॉस सोसाइटी के फाउंडर मेंबर और प्रख्यात समाजसेवी थे। उनकी स्मृति में हर वर्ष दो प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। 4 जनवरी को उनकी पुण्यतिथि पर पूर्वी भारत के सबसे बड़े नेत्र चिकित्सा शिविरों में से एक मेगा आई कैंप लगाया जाता है, 

जिसमें सैकड़ों मोतियाबिंद ऑपरेशन और हजारों मरीजों की जांच की जाती है। वहीं 28 जून को उनकी जयंती पर रक्तदान महाकैंप आयोजित कर लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया जाता है।उन्होंने बताया कि आज के मुख्य शिविर के बाद भी आने वाले दिनों में पूरक रक्तदान शिविरों का आयोजन जारी रहेगा, ताकि जिले में रक्त की कमी को दूर किया जा सके और जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके।आयोजकों ने कहा कि "रक्तदान महादान है" और एक यूनिट रक्त कई लोगों का जीवन बचा सकता है। उन्होंने सभी स्वस्थ लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।

Comments

और नया पुराने