*सदर अस्पताल के ब्लड ट्रांसफ्यूजन मामले पर उठे सवाल, निष्पक्ष जांच की मांग*


चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के सदर अस्पताल चाईबासा में भर्ती एक मरीज को रक्त चढ़ाने की प्रक्रिया को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। एंटी करप्शन ऑफ इंडिया के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष धी. रामहरि पेरियार ने मामले को गंभीर बताते हुए इसकी उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।जानकारी के अनुसार, पुरुष वार्ड के बेड संख्या 31 पर भर्ती सुरेंद्र बोयपाई को 11 जून 2026 को सदर अस्पताल के ब्लड बैंक से उपलब्ध कराए गए रक्त का ट्रांसफ्यूजन किया गया था। इसके बाद मरीज के ब्लड ग्रुप को लेकर अलग-अलग जानकारियां सामने आने से पूरे मामले पर सवाल उठने लगे हैं।धी. रामहरि पेरियार ने कहा कि रक्त चढ़ाने की प्रक्रिया चिकित्सा विज्ञान की सबसे संवेदनशील प्रक्रियाओं में से एक है,
 जिसमें ब्लड ग्रुप की पुष्टि, क्रॉस-मैचिंग, सैंपल सत्यापन और चिकित्सकीय निगरानी जैसी अनिवार्य प्रक्रियाओं का पालन किया जाता है। ऐसे में यदि एक ही मरीज के ब्लड ग्रुप को लेकर अलग-अलग तथ्य सामने आते हैं, तो इसकी गहन जांच आवश्यक है।उन्होंने कहा कि जनता के बीच यह सवाल उठ रहा है कि क्या ब्लड ग्रुप जांच में त्रुटि हुई, ब्लड बैंक की प्रक्रिया में कोई चूक हुई या किसी स्तर पर हुई गलती को छिपाने का प्रयास किया जा रहा है। यदि किसी मरीज को गलत रक्त चढ़ाया गया हो या जांच प्रक्रिया में लापरवाही बरती गई हो, तो यह मानव जीवन को खतरे में डालने वाला गंभीर मामला हो सकता है।पेरियार ने जिला प्रशासन, उपायुक्त, सिविल सर्जन और स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराई जाए। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान ब्लड बैंक के रिकॉर्ड, रक्त निर्गमन रजिस्टर, क्रॉस-मैचिंग रिपोर्ट, लैब जांच रिपोर्ट तथा संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका की समीक्षा की जानी चाहिए।उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी स्तर पर लापरवाही, कर्तव्यहीनता या नियमों की अनदेखी सामने आती है, तो संबंधित दोषियों के खिलाफ विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। साथ ही जांच रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए ताकि आम लोगों के बीच व्याप्त भ्रम और आशंकाएं दूर हो सकें।धी. रामहरि पेरियार ने कहा कि यह मामला केवल एक मरीज का नहीं, बल्कि पूरे जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था की विश्वसनीयता और मरीजों की सुरक्षा से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में आने वाले लोगों की जान और उनका भरोसा सर्वोपरि है तथा पूरे मामले का सच सामने आना चाहिए।

Comments

और नया पुराने