टेल्को प्लाजा के पास सड़क हादसा: रॉन्ग साइड से आई क्विड कार ने बुलेट सवार को मारी टक्कर, महिला चालक पर मौके से फरार होने का आरोप


जमशेदपुर: टेल्को थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बुधवार शाम करीब 6 बजे टेल्को प्लाजा के समीप एक सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक क्विड कार ने कथित तौर पर रॉन्ग साइड से आकर बुलेट सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, क्विड कार (नंबर JH 05BQ 2841) गलत दिशा से आ रही थी। इसी दौरान कार ने बुलेट सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक बाल-बाल बच गया, जबकि उसकी मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हो गई।स्थानीय लोगों का कहना है कि कार एक महिला चला रही थी। आरोप है कि दुर्घटना के बाद महिला चालक अपनी कार को घटनास्थल पर छोड़कर मौके से फरार हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग वहां जुट गए।सूचना मिलने पर टेल्को थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। वहीं, बुलेट सवार युवक ने अपनी क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल की मरम्मत करवाने की मांग की।पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने और मामले का समाधान निकालने का प्रयास किया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है।घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने, रॉन्ग साइड वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई करने तथा यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने की मांग की है। 

Comments

और नया पुराने