जमशेदपुर: बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के धातकीडीह तालाब के समीप गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां पारिवारिक विवाद से परेशान एक बुजुर्ग ने कथित तौर पर खुद को आग लगाकर जान देने का प्रयास किया। हालांकि, मौके पर मौजूद लोगों की तत्परता और एक युवक की बहादुरी से उनकी जान बच गई। फिलहाल बुजुर्ग गंभीर रूप से झुलसे हुए हैं और अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।मिली जानकारी के अनुसार, धातकीडीह ए-ब्लॉक निवासी सत्तार खान दोपहर के समय पेट्रोल लेकर तालाब के पास पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक उन्होंने अपने ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं और आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।इसी दौरान तालाब के समीप वाहन धोने का काम करने वाले मो. इस्लाम ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए बिना अपनी जान की परवाह किए आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया और गंभीर रूप से झुलसे बुजुर्ग को सुरक्षित बाहर निकाला गया।घटना की सूचना मिलते ही बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बुजुर्ग को तत्काल टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार उनका शरीर काफी हद तक झुलस गया है और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।स्थानीय लोगों का कहना है कि सत्तार खान लंबे समय से पारिवारिक विवाद के कारण मानसिक तनाव में थे। सूचना मिलने के बाद उनके परिजन भी अस्पताल पहुंच गए हैं। पुलिस ने घटनास्थल से जले हुए कपड़े और अन्य अवशेष बरामद कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आत्मदाह के प्रयास के पीछे की परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है।यदि आप या आपका कोई परिचित भावनात्मक संकट या आत्महत्या के विचारों से जूझ रहा है, तो तुरंत परिवार, भरोसेमंद लोगों या मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों से मदद लें। समय पर सहायता जीवन बचा सकती है।
पारिवारिक विवाद से परेशान बुजुर्ग ने किया आत्मदाह का प्रयास, युवक की सूझबूझ से बची जान
byAvinash Sharma
-
0
Comments