जमशेदपुर: NEET-UG 2026 परीक्षा में कथित पेपर लीक और परीक्षा प्रक्रिया में अनियमितताओं को लेकर मूलनिवासी संघ, पूर्वी सिंहभूम ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। यह ज्ञापन उपायुक्त, पूर्वी सिंहभूम के माध्यम से भेजा गया।ज्ञापन में कहा गया है कि NEET-UG 2026 में कथित पेपर लीक की घटना ने देशभर के लाखों छात्रों और अभिभावकों को झकझोर कर रख दिया है। इससे न केवल छात्रों के भविष्य पर संकट उत्पन्न हुआ है, बल्कि शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता और समान अवसर के संवैधानिक सिद्धांत को भी गहरा आघात पहुंचा है।मूलनिवासी संघ ने राष्ट्रपति से मांग की है कि सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में पूरे मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराई जाए। साथ ही नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) के कार्यों की उच्च स्तरीय समीक्षा कर दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।ज्ञापन में परीक्षा प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए डिजिटल सुरक्षा तंत्र को मजबूत करने, भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए परीक्षा सुरक्षा संबंधी सख्त राष्ट्रीय कानून बनाने तथा छात्रों के हितों को ध्यान में रखते हुए पुनः परीक्षा आयोजित कर सभी अभ्यर्थियों को समान अवसर देने की भी मांग की गई है।इसके अलावा आर्थिक और मानसिक रूप से प्रभावित छात्रों के लिए सहायता एवं परामर्श सेवाएं उपलब्ध कराने तथा शिक्षा व्यवस्था में सक्रिय निजी माफियाओं एवं भ्रष्ट तत्वों की भूमिका की गहन जांच कर दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की अपील की गई है।मूलनिवासी संघ का कहना है कि यदि राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाएं भ्रष्टाचार और लापरवाही का शिकार होती रहेंगी तो गरीब, मूलनिवासी और मेहनतकश वर्ग के छात्रों का भविष्य अंधकारमय हो जाएगा। इसलिए शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने और छात्रों के अधिकारों की रक्षा के लिए तत्काल हस्तक्षेप आवश्यक है।
NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच की मांग, मूलनिवासी संघ ने राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
byAvinash Sharma
-
0
Comments