जमशेदपुर/मानगो:
मानगो नगर निगम क्षेत्र के समग्र विकास एवं नागरिक सुविधाओं को सुदृढ़ करने को लेकर विभिन्न जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों द्वारा केंद्र एवं राज्य सरकार से कई महत्वपूर्ण योजनाओं के तहत विशेष पैकेज एवं स्वीकृतियों की मांग की गई है। तेजी से बढ़ती जनसंख्या और शहरी विस्तार को देखते हुए नगर क्षेत्र में आधारभूत संरचना, जलापूर्ति, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं स्वच्छता सेवाओं को मजबूत बनाने पर जोर दिया गया है।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लंबित आवास पूर्ण कराने की मांग
प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY-Urban) के अंतर्गत आर्थिक रूप से कमजोर एवं निम्न आय वर्ग के लाभुकों के लंबित आवास स्वीकृतियों का जल्द निष्पादन करने की मांग उठाई गई है। साथ ही अधूरे आवास निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने हेतु विशेष अभियान चलाने का प्रस्ताव रखा गया है। उलीडीह एवं कुमरूम बस्ती जैसे स्लम क्षेत्रों के पुनर्विकास और मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए विशेष पैकेज उपलब्ध कराने की भी मांग की गई है।
स्वच्छ भारत मिशन के तहत आधुनिक सुविधाओं पर जोर
स्वच्छ भारत मिशन (Urban) के तहत डोर-टू-डोर कचरा उठाव व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए अतिरिक्त वाहन एवं संसाधन उपलब्ध कराने की मांग की गई। इसके अलावा आधुनिक सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट की स्थापना, वार्ड स्तर पर सार्वजनिक शौचालय निर्माण एवं रखरखाव तथा नाला सफाई एवं ड्रेनेज सिस्टम के आधुनिकीकरण हेतु विशेष फंड उपलब्ध कराने का प्रस्ताव रखा गया है।
जलापूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने की मांग
मानगो क्षेत्र में नई पाइपलाइन बिछाने एवं पुरानी पाइपलाइन बदलने की स्वीकृति, नियमित एवं स्वच्छ पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त जल टंकी निर्माण तथा जल रिसाव रोकने हेतु तकनीकी सर्वे कराने की मांग की गई है। साथ ही ड्राई जोन क्षेत्रों के लिए नए पानी टैंकर उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।
सड़क एवं आधारभूत संरचना विकास पर विशेष फोकस
नगर क्षेत्र की प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण एवं मरम्मतीकरण हेतु विशेष फंड उपलब्ध कराने की मांग की गई है। ट्रैफिक प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था विकसित करने तथा नए स्ट्रीट लाइट एवं हाई मास्ट लाइट लगाने का प्रस्ताव भी रखा गया है।
स्वास्थ्य एवं जनसुविधाओं के विस्तार की मांग
स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए मोबाइल हेल्थ यूनिट एवं नए एम्बुलेंस की व्यवस्था की मांग की गई है। विशेष बच्चों एवं दिव्यांगजनों हेतु सहायता केंद्र स्थापित करने तथा सार्वजनिक स्थलों पर शुद्ध पेयजल एवं जनसुविधा केंद्र विकसित करने का प्रस्ताव भी शामिल है।
शिक्षा एवं सामाजिक विकास योजनाओं पर जोर
वर्कर्स कॉलेज के जीर्णोद्धार एवं निर्माण कार्य, उलीडीह स्थित स्कूल में नई बिल्डिंग निर्माण, नए सरकारी हाई स्कूल एवं स्नातक स्तर तक की पढ़ाई के लिए सरकारी कॉलेज निर्माण की मांग की गई है। नगर निगम के पांच विद्यालयों में स्मार्ट क्लास व्यवस्था, डिजिटल लाइब्रेरी एवं स्किल डेवलपमेंट सेंटर की स्थापना तथा युवाओं एवं महिलाओं के लिए स्वरोजगार प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाने का प्रस्ताव भी रखा गया है।
विशेष शहरी विकास पैकेज की मांग
मानगो नगर निगम की बढ़ती आबादी को देखते हुए विशेष शहरी विकास पैकेज उपलब्ध कराने की मांग की गई है। इसके अलावा वाटर ट्रीटमेंट प्लांट की स्थापना, स्वर्णरेखा नदी के सौंदर्यीकरण के लिए रिवर फ्रंट डेवलपमेंट योजना लागू करने तथा मानगो में नया प्रज्ञा केंद्र एवं आधार केंद्र स्थापित करने की भी मांग उठाई गई है।
स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि इन योजनाओं को शीघ्र स्वीकृति मिलती है तो मानगो नगर निगम क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का व्यापक विकास होगा और नागरिकों को बेहतर जीवन स्तर उपलब्ध हो सकेगा।
Comments