कोवाली पंचायत में पीडीएस दुकान पर राशन घोटाले का आरोप, ग्रामीणों ने लाइसेंस रद्द करने की उठाई मांग


पोटका/जमशेदपुर:
जमशेदपुर के पोटका प्रखंड अंतर्गत कोवाली पंचायत में जन वितरण प्रणाली (PDS) दुकान संचालक पर राशन वितरण में भारी अनियमितता का आरोप लगा है। राशन कार्डधारियों ने दुकान संचालक ललिता खंडापातर के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए उनका लाइसेंस स्थायी रूप से रद्द करने की अपील की है।

ग्रामीणों के अनुसार काशीडीह गांव स्थित जन वितरण प्रणाली दुकान से पंचायत के अधिकांश लाभुक राशन प्राप्त करते हैं, लेकिन बीते चार माह दिसंबर, जनवरी, फरवरी और मार्च का राशन अब तक कई कार्डधारियों को नहीं मिला है। आरोप है कि दुकानदार द्वारा ई-पॉश मशीन में लाभुकों का फिंगरप्रिंट लेकर पर्ची तो दे दी जाती है, लेकिन राशन अगले महीने देने का आश्वासन देकर वापस लौटा दिया जाता है।

ग्रामीणों का कहना है कि हर महीने इसी तरह राशन रोककर कालाबाजारी की जा रही है। साथ ही दुकान का संचालन नामित दुकानदार के बजाय बिचौलिया दिलीप खंडापातर द्वारा किए जाने का आरोप भी लगाया गया है। लाभुकों ने बताया कि दिलीप खंडापातर अक्सर कार्डधारियों के साथ दुर्व्यवहार करता है, जबकि नामित दुकानदार अधिकांश समय दुकान पर मौजूद नहीं रहती हैं।

मामले को लेकर ग्रामीणों ने पोटका प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं आपूर्ति पदाधिकारी को लिखित शिकायत सौंपी थी। शिकायत के बाद आपूर्ति विभाग द्वारा जांच की गई, जिसमें अनियमितता पाए जाने पर संबंधित दुकान को बरखास्त कर दिया गया है। हालांकि अब तक लाभुकों को उनका बकाया राशन उपलब्ध नहीं कराया गया है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि चार माह का लंबित राशन जल्द से जल्द वितरण कराया जाए। साथ ही कोवाली पंचायत में नई जन वितरण प्रणाली दुकान का लाइसेंस जारी कर गरीबों को समय पर राशन उपलब्ध सुनिश्चित किया जाए।

Comments

और नया पुराने