धनबाद: बैंक मोर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब गुरुद्वारा के सामने स्थित प्रसिद्ध चौधरी स्वीट्स में अचानक भीषण आग लग गई। आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार देखकर स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। घटना की सूचना तत्काल फायर ब्रिगेड को दी गई, जिसके बाद दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह करीब सात बजे दुकान से अचानक धुआं निकलना शुरू हुआ, जिसके कुछ ही देर बाद आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। देखते ही देखते पूरी दुकान आग की चपेट में आ गई और अंदर रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो गया।
दुकान संचालक ने बताया कि इस हादसे में करीब पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ है। हालांकि आग लगने के कारणों को लेकर अलग-अलग बातें सामने आ रही हैं। दुकान मालिक का दावा है कि शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी, जबकि स्थानीय लोगों का आरोप है कि तेल गर्म करने के दौरान गैस सिलेंडर से रिसाव होने के कारण यह हादसा हुआ।
स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि दुकान के बाहर अवैध रूप से बड़े चूल्हों का उपयोग किया जाता है, जिससे इलाके में हमेशा हादसे का खतरा बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से मामले की गंभीर जांच कराने और सुरक्षा व्यवस्था को सख्त करने की मांग की है।
फिलहाल फायर ब्रिगेड और प्रशासन की टीम आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच में जुटी हुई है।
Comments