सेफ्टी टैंक बना मौत का कुआं: जहरीली गैस से मां, बेटे और चाचा की दर्दनाक मौत, पिता घायल


हजारीबाग | कटकमदाग :
हजारीबाग जिले के कटकमदाग थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां सेफ्टी टैंक में जहरीली गैस के कारण एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

बताया जा रहा है कि सेफ्टी टैंक में अवैध रूप से महुआ दारू की चुलाई की जाती थी। टैंक में लंबे समय तक महुआ दारू रखने के कारण उसमें जहरीली गैस बन गई थी। इसी दौरान महुआ दारू निकालने के लिए सबसे पहले चमेली देवी टैंक में उतरीं, जहां गैस की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई।

मां को बचाने के लिए उनका बेटा रवि साव और चाचा मदन साव टैंक में उतरे, लेकिन जहरीली गैस की वजह से दोनों की भी मौके पर ही मौत हो गई। तीन लोगों की लगातार मौत से इलाके में सनसनी फैल गई।

घटना में मृतिका चमेली देवी के पति और रवि साव के पिता आनंद साव भी लोगों को बचाने के दौरान घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय कटकमदाग थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अवैध महुआ दारू चुलाई और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी जांच कर रही है।

इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Comments

और नया पुराने