बोकारो: आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर बोकारो जिला पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रही है। विधि व्यवस्था संधारण और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस लाइन में भव्य मॉकड्रिल का आयोजन किया गया।
मॉकड्रिल के दौरान दंगा नियंत्रण, उपद्रवियों से निपटने, आंसू गैस के इस्तेमाल, लाठीचार्ज, भीड़ नियंत्रण एवं इमरजेंसी मेडिकल सहायता जैसी परिस्थितियों का नाट्य रूपांतरण कर पुलिस बल की तैयारियों का जायजा लिया गया। इस अभ्यास के माध्यम से पुलिस प्रशासन ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अशांति फैलाने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा।
कार्यक्रम में सिटी डीएसपी, सीसीआर डीएसपी, मेजर सहित कई पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।
इस मौके पर राजीव रंजन ने कहा कि बोकारो पुलिस हर परिस्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। संवेदनशील एवं चिन्हित इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी और लगातार निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई भी व्यक्ति शहर के शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल को बिगाड़ने की कोशिश करेगा तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रशासन का उद्देश्य है कि जिले में सभी त्योहार भाईचारे और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हों, ताकि आम लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
Comments