खूँटी: सायको थाना क्षेत्र में आयोजित छऊ नृत्य मेला के दौरान हुई हत्या की गुत्थी को खूँटी पुलिस ने सुलझाते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त टांगी, खून लगा चप्पल, खून लगी मिट्टी और कपड़े भी बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार सायको थाना कांड संख्या 08/26, दिनांक 18 मई 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 238(ए) एवं 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था। घटना 17/18 मई की रात की है, जब मृतक अपने दोस्तों के साथ सायको गांव में आयोजित छऊ नृत्य मेला देखने गया था। इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर आरोपियों ने धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक, खूँटी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, खूँटी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि पुरानी दुश्मनी के कारण उन्होंने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
Comments