मानव दिवस कर्मियों की समस्याओं को लेकर झारखंड बिजली श्रमिक संघ ने प्रबंधन से लगाई गुहार


जमशेदपुर:
झारखंड बिजली श्रमिक संघ, जमशेदपुर एरिया बोर्ड की ओर से विद्युत आपूर्ति क्षेत्र के मुख्य अभियंता को ज्ञापन सौंपकर मानव दिवस कर्मियों की समस्याओं के समाधान की मांग की गई है। संघ के अध्यक्ष रोशन कुमार ने कहा कि झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड में कार्यरत मानव दिवस कर्मियों का लगातार शोषण हो रहा है और उनकी समस्याओं पर प्रबंधन गंभीर नहीं है।

ज्ञापन में बताया गया है कि निगम द्वारा मानव दिवस कर्मियों का भुगतान ₹450 प्रतिदिन तय किया गया है, लेकिन संवेदक एजेंसियों द्वारा इसका पूरा भुगतान नहीं किया जा रहा। कई कर्मियों को न्यूनतम मजदूरी भी नहीं मिल रही है। संघ ने आरोप लगाया कि मई 2024 के बाद कई कर्मियों को अब तक EPF की राशि जमा नहीं की गई है और कई कर्मचारियों को ESI की सुविधा भी नहीं मिल रही।

संघ ने यह भी कहा कि मानव दिवस कर्मियों से 24 घंटे ड्यूटी ली जाती है, लेकिन उन्हें साप्ताहिक अवकाश नहीं दिया जाता। छुट्टी लेने पर वेतन काट लिया जाता है। वहीं महिला कर्मियों को प्रसूति अवकाश का लाभ भी नहीं मिल रहा, जिससे उन्हें आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ज्ञापन में मांग की गई है कि सभी मानव दिवस कर्मियों का बकाया भुगतान जल्द कराया जाए, EPF और ESI की सुविधा सुनिश्चित की जाए तथा श्रम कानूनों का पालन कराया जाए। संघ ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा।

Comments

और नया पुराने