जमशेदपुर: गोलमुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत नामदा बस्ती में कथित फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। मामले में एक युवक ने अपने पड़ोसी पर जान मारने की नीयत से गोली चलाने का आरोप लगाते हुए गोलमुरी थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस शिकायत के आधार पर जांच में जुट गई है।
शिकायतकर्ता अमन सिंह, निवासी नामदा बस्ती ए-ब्लॉक लाइन नंबर-4, ने बताया कि उसका भाई विक्की सिंह नशे और गलत संगत की ओर बढ़ रहा था। इसी को लेकर उसने अपने भाई को समझाने के साथ-साथ पड़ोसी वीर सिंह उर्फ पंडित से दूरी बनाए रखने को कहा था। अमन का आरोप है कि वीर सिंह उसके भाई को गलत रास्ते पर ले जा रहा था।
अमन के अनुसार, 25 मई को उसने वीर सिंह उर्फ पंडित से भी उसके भाई से दूरी बनाने को कहा था। इस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया था। आरोप है कि इसी रंजिश में मंगलवार रात आरोपी मोटरसाइकिल से उनके घर पहुंचा और घर के बाहर बैठी उसकी मां राज कौर पर पिस्तौल से गोली चला दी।
हालांकि गोली किसी को नहीं लगी और राज कौर बाल-बाल बच गईं। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि घटना के बाद आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गया।
फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए, जिसके बाद इलाके में भय और दहशत का माहौल बन गया। इधर, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और शिकायत में लगाए गए आरोपों की सत्यता की पड़ताल की जा रही है।
Comments