jamshedpur firing : जुगसलाई में रंगदारी को लेकर फायरिंग, जनरल स्टोर संचालक को धमकाने का आरोप


जमशेदपुर : जुगसलाई थाना क्षेत्र के मिल्लत नगर में रविवार शाम रंगदारी और उधारी के विवाद को लेकर फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। आरोप है कि मोहल्ले के ही दो युवकों ने एक जनरल स्टोर संचालक को धमकाने के उद्देश्य से हवाई फायरिंग की और मौके से फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, हबीब नगर स्थित एक जनरल स्टोर पर बच्चा राज और पलटन नामक दो युवक पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि दोनों ने दुकानदार से करीब 5 हजार रुपये की उधारी तथा रंगदारी की मांग की। दुकानदार द्वारा पैसे देने से इनकार करने पर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद बढ़ने पर दुकानदार ने अपनी दुकान का शटर बंद कर लिया। इसके बाद आरोपियों ने शटर पर लात मारकर तोड़फोड़ की और दहशत फैलाने के लिए दो राउंड हवाई फायरिंग कर दी। बताया जाता है कि एक गोली दुकान के सामने बंपर के पास चली, जबकि दूसरी गोली पास के क्षेत्र में दागी गई।

स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना शाम करीब 7:45 बजे की है। गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से दो खोखा बरामद किया।

मोहल्ले के लोगों का आरोप है कि दोनों आरोपी पहले भी विभिन्न आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं और क्षेत्र में उनके खिलाफ कई शिकायतें सामने आती रही हैं। हालांकि, पीड़ित दुकानदार के साथ इस तरह की घटना पहली बार होने की बात कही जा रही है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।

Comments

और नया पुराने