हजारीबाग में इंसानियत शर्मसार: 11 वर्षीय बच्ची और 3 वर्षीय भाई की हत्या, आरोपी गिरफ्तार


झारखंड के हजारीबाग जिले से मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। कटकमदाग थाना क्षेत्र से लापता 11 वर्षीय बच्ची और उसके 3 वर्षीय मासूम भाई की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड में पुलिस ने आरोपी संजीत पासवान को गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस जांच के अनुसार, सिंदूर गांव निवासी आरोपी ने दोनों बच्चों को मोबाइल दिलाने, घुमाने और खिलाने का लालच देकर अपनी स्कूटी पर बैठाया और सुनसान श्मशान घाट की ओर ले गया। वहां आरोपी ने बच्ची के साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया। बच्ची द्वारा विरोध किए जाने पर आरोपी ने उसकी गला दबाकर तथा पानी में डुबोकर हत्या कर दी।
हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए आरोपी ने घटना के प्रत्यक्षदर्शी बने 3 वर्षीय मासूम भाई को भी नहीं बख्शा। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने बच्चे का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और शव को बोरे में भरकर एक कुएं में फेंक दिया।घटना के बाद पूरे जिले में सनसनी फैल गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही। मंगलवार को जिले से फरार होने की कोशिश कर रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त स्कूटी सहित अन्य महत्वपूर्ण सामान भी बरामद कर लिया गया है।इस दर्दनाक घटना ने पूरे हजारीबाग और झारखंड को स्तब्ध कर दिया है। स्थानीय लोगों में घटना को लेकर भारी आक्रोश है और आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की जा रही है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।

Comments

और नया पुराने