पूर्वी सिंहभूम के देवघर/पलासबनी, 3 जून 2026: देवघर एवं पलासबनी पंचायत क्षेत्र में लगातार बढ़ रही पशु चोरी की घटनाओं को लेकर ग्रामीणों और सामाजिक संगठनों ने चिंता जताते हुए थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई।ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कुछ महीनों से गाय, बैल एवं अन्य पालतू पशुओं की चोरी की घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है। चोरी की इन वारदातों से पशुपालकों को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ मानसिक तनाव का भी सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि चोर पशुओं को नशीला पदार्थ खिलाकर चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।ज्ञापन में कहा गया कि पशुपालन ग्रामीणों की आजीविका का प्रमुख साधन है और लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के कारण कई परिवारों की आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है। इस समस्या को देखते हुए ग्रामीणों ने क्षेत्र में रात्रि गश्ती बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी रखने तथा पशु चोरी में संलिप्त गिरोहों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने की मांग की।प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन को आगाह करते हुए कहा कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है। साथ ही पंचायत स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने और ग्रामीण क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की भी मांग की गई।थाना प्रभारी ने ज्ञापन प्राप्त कर मामले को गंभीरता से लेने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पुलिस गश्ती बढ़ाई जाएगी तथा पशु चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही ग्रामीणों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।ज्ञापन सौंपने के दौरान उतम प्रधान, सानंद प्रधान (सांसद प्रतिनिधि), शिमल मुर्मू, कड़ाकर गोप, प्रहलाद गोप, सोनाराम मुर्मू, सुमतो गौड़, सुनील हेंब्रम, जगेन गौड़, रमेश तनतुबाई, मनेश्वर गौड़, दिनेश गोप, सूरज साह, जसवंत महतो, चित्रसेन गोप, अजीत गोप, गुरूदेव गोप सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं पशुपालक उपस्थित रहे। सभी ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई कर क्षेत्र में शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
देवघर एवं पलासबनी पंचायत में बढ़ती पशु चोरी पर ग्रामीणों का आक्रोश, एम जी एम थाना प्रभारी को सौंपा ज्ञापन
byAvinash Sharma
-
0
Comments