जमशेदपुर के बिरसानगर जोन-7 निवासी सुल्तान सिंह, दर्शन सिंह एवं समिति के अन्य सदस्यों द्वारा सिख धर्म के पांचवें गुरु, गुरु अर्जुन देव जी की शहादत की स्मृति में भीषण गर्मी के बीच छबील सेवा का आयोजन किया गया। इस दौरान राहगीरों, मजदूरों एवं आम लोगों के बीच शीतल जल, शर्बत एवं चना का वितरण किया गया।सिख परंपरा के अनुसार गुरु अर्जुन देव जी की शहादत को याद करते हुए हर वर्ष छबील लगाकर लोगों को ठंडा जल एवं शर्बत पिलाया जाता है। इसी कड़ी में बिरसानगर में भी सेवा भाव से प्रेरित होकर यह आयोजन किया गया।
आज के दौर में, जहां बिना किसी स्वार्थ के सेवा करने वाले लोग कम दिखाई देते हैं, वहीं सुल्तान सिंह, दर्शन सिंह एवं उनके साथियों ने अपने निजी खर्च से यह पुनीत कार्य कर मानवता की मिसाल पेश की है। लगभग 50 वर्ष से अधिक आयु के इन लोगों ने बिना किसी आर्थिक लाभ की अपेक्षा के समाज सेवा का दायित्व निभाया।छबील सेवा के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने शीतल जल और शर्बत ग्रहण कर गर्मी से राहत पाई।
क्षेत्रवासियों ने आयोजन से जुड़े सभी लोगों के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे कार्य समाज में सेवा, भाईचारे और मानवता की भावना को मजबूत करते हैं।गुरु अर्जुन देव जी के बलिदान और सेवा की सीख को जन-जन तक पहुंचाने का यह प्रयास लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बना रहा तथा समाज को मानव सेवा का संदेश देता रहा।
Comments