जमशेदपुर :जमशेदपुर के बाग़बेडा थाना क्षेत्र अंतर्गत गाढ़ाबाशा निवासी 16 वर्षीय अमित कुमार रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया है। परिजनों के अनुसार, अमित शनिवार को सुबह करीब 10 बजे घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। काफी खोजबीन के बावजूद जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो परिवार ने पुलिस से मदद की गुहार लगाई।रविवार सुबह करीब 10 बजे एक व्यक्ति ने परिजनों को सूचना दी कि उसने अमित को रेलवे स्टेशन के पास देखा था। इसके बाद रविवार शाम को अमित ने एक साधु के मोबाइल फोन से अपने परिजनों से बातचीत की। बातचीत के दौरान अचानक किसी ने फोन छीन लिया। बाद में उसी साधु ने परिवार से कहा कि अमित उसके पास है और अब वह उसके साथ ही रहेगा। साधु ने यह भी दावा किया कि वह पिछले तीन दिनों से उसे खाना खिला रहा है।परिजनों का आरोप है कि जब साधु से उसकी लोकेशन पूछी गई तो उसने अलग-अलग स्थानों की जानकारी दी। कभी उसने खुद को रांची में बताया तो कभी प्रयागराज में होने की बात कही। इसके बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया और तब से अमित का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।अमित के पिता ने आरोप लगाया है कि उनके 16 वर्षीय बेटे को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाया गया है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कर अमित को जल्द से जल्द सकुशल बरामद करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस उपलब्ध मोबाइल नंबर और परिजनों से मिली जानकारी के आधार पर किशोर की तलाश में जुटी हुई है।
बाग़बेडा से लापता 16 वर्षीय अमित कुमार का साधु के मोबाइल से आया फोन, लोकेशन को लेकर उलझन; पिता ने लगाया बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप
byAvinash Sharma
-
0
Comments