जमशेदपुर। टाटानगर रेल सिविल डिफेंस टीम द्वारा दक्षिण पूर्व रेलवे के जोनल प्रशिक्षण संस्थान, सीनी में बहुविषयक आपदा प्रबंधन विषय पर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण में भारतीय रेल के सात मंडलों के ट्रेन मैनेजर, स्टेशन मैनेजर और सहायक लोको पायलट सहित कुल 172 रेलकर्मियों ने भाग लिया।प्रशिक्षण कार्यक्रम जोनल रेलवे प्रशिक्षण संस्थान के सभागार में आयोजित किया गया। इस दौरान सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने कार्यालय, उद्योग, कारखानों और घरों में उपयोग किए जाने वाले विभिन्न प्रकार के फायर एक्सटिंग्विशरों की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि गर्मी के मौसम में घरों में प्रयुक्त एयर कंडीशनर, एलसीडी टीवी, कंप्यूटर सिस्टम और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों में आग लगने की स्थिति में क्लीन एजेंट फायर एक्सटिंग्विशर सबसे सुरक्षित और प्रभावी विकल्प है। उन्होंने कहा कि रसोईघर में एलपीजी गैस रिसाव से लगी आग या तेल से उत्पन्न आग को बुझाने में भी यह अत्यंत उपयोगी है।संतोष कुमार ने बताया कि क्लीन एजेंट फायर एक्सटिंग्विशर 2, 4 और 6 किलोग्राम क्षमता में उपलब्ध होते हैं और इन्हें संचालित करना बेहद आसान है। घर की महिलाएं भी आपात स्थिति में इसका सहजता से उपयोग कर घर और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित कर सकती हैं। इसकी विशेषता यह है कि आग बुझाने के बाद इसकी गैस हवा में उड़ जाती है और यह किसी प्रकार का कचरा, दाग या अवशेष नहीं छोड़ती।
उन्होंने यह भी बताया कि साधारण पाउडर या फोम आधारित फायर एक्सटिंग्विशर आग तो बुझा देते हैं, लेकिन महंगे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों जैसे कंप्यूटर, एलसीडी टीवी और फ्रिज को नुकसान पहुंचा सकते हैं। इसलिए हर घर में विद्युत पैनल और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की सुरक्षा के लिए क्लीन एजेंट फायर एक्सटिंग्विशर रखने की सलाह दी गई।प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को बेसिक लाइफ सपोर्ट (बीएलएस), इमरजेंसी रेस्क्यू, डॉग एंड स्नेक बाइट से बचाव एवं उपचार, फर्स्ट एड बॉक्स में उपलब्ध विभिन्न सामग्रियों के उपयोग की भी व्यावहारिक जानकारी दी गई। जीवंत प्रदर्शन के माध्यम से आपदा की स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के तरीकों का विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया।विभिन्न आपदा प्रबंधन उपकरणों के प्रयोगात्मक प्रशिक्षण का संचालन सिविल डिफेंस डिमॉन्स्ट्रेटर शंकर कुमार प्रसाद द्वारा किया गया।इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में चक्रधरपुर, रांची, आद्रा, खड़गपुर, संबलपुर, खुरदा और बिलासपुर मंडल के रेलकर्मी शामिल हुए। प्रतिभागियों ने सिविल डिफेंस द्वारा प्रदान किए गए इस प्रशिक्षण की सराहना करते हुए इसे अत्यंत उपयोगी और लाभकारी बताया।
Comments