जन शिकायतों पर एक्शन मोड में सरयू राय, सोनारी में सड़क और नाली निर्माण कार्यों की जांच, अधिकारियों को लगाई फटकार


जन शिकायतों पर एक्शन मोड में सरयू राय, सोनारी में सड़क और नाली निर्माण कार्यों की जांच, अधिकारियों को लगाई फटकार
 
जमशेदपुर। जन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने गुरुवार को सोनारी क्षेत्र का दौरा कर विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों में पाई गई अनियमितताओं पर नाराजगी जताते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए।

सबसे पहले सरयू राय ने सोनारी के कुम्हारपाड़ा में नगर विकास विभाग द्वारा निर्मित सड़क का मुआयना किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सड़क निर्माण में कई खामियां देखीं। इस पर उन्होंने संबंधित विभाग को निर्देश दिया कि सड़क की सभी कमियों को तत्काल दूर किया जाए और गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाए।

इसके बाद उन्होंने जन शिकायत के आधार पर पुराना सोनारी इलाके में विधायक निधि से बन रही सड़क का निरीक्षण किया और कार्य की प्रगति एवं गुणवत्ता की जानकारी ली।

दौरे के क्रम में विधायक सरयू राय ने नगर विकास विभाग द्वारा आदर्श नगर फोर्थ फेज के सामने नाली निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढे का भी निरीक्षण किया। लंबे समय से कार्य अधूरा छोड़ दिए जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि जहां कार्य रुका हुआ है, वहां अविलंब काम शुरू कराया जाए और जहां निर्माण कार्य में गड़बड़ी हुई है, उसे प्राथमिकता के आधार पर सुधारा जाए।

सरयू राय ने कहा कि वे लगातार लोगों से मिल रही शिकायतों और सूचनाओं के आधार पर विभिन्न क्षेत्रों का मौका मुआयना करते रहेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में लापरवाही और अनियमितता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा जनता की समस्याओं के समाधान के लिए उनका यह निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेगा। 

Comments

और नया पुराने