चाईबासा: शहर के सुफलसाई स्थित पाक कर्बला में अंजुमन इस्लामिया के सचिव फैयाज खान की अध्यक्षता में मुस्लिम समुदाय के पवित्र त्योहार मोहर्रम को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में मोहर्रम की तैयारी, आयोजन की व्यवस्था और नई कमेटी के गठन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक में सर्वसम्मति से वर्ष 2026 मोहर्रम कमेटी का गठन किया गया। इसमें इफ्तिखार अहमद को अध्यक्ष, जफर नसीम को सचिव, मोहम्मद दानिश और मोहम्मद मुस्तकीम उर्फ टोनी को उपाध्यक्ष बनाया गया। वहीं तहसीन अमीन और मुजफ्फर खान उर्फ विक्की को सह सचिव की जिम्मेदारी दी गई। कोषाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी मोहम्मद इकलाख को सौंपी गई।बैठक को संबोधित करते हुए अंजुमन इस्लामिया के सचिव फैयाज खान ने कहा कि मोहर्रम मुस्लिम समुदाय का एक महत्वपूर्ण और पवित्र त्योहार है। यह त्योहार त्याग, धैर्य, सच्चाई और इंसानियत का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि मोहर्रम केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि लोगों को शांति, भाईचारे और सामाजिक एकता का संदेश देने वाला अवसर भी है।उन्होंने कहा कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी मोहर्रम को पूरी श्रद्धा और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने का प्रयास किया जाएगा। इसके लिए सभी समुदाय के लोगों से आपसी सहयोग और सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई।फैयाज खान ने कहा कि प्रशासन की ओर से मिलने वाले सभी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन किया जाएगा। जुलूस और अन्य धार्मिक कार्यक्रमों के दौरान अनुशासन बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि चाईबासा की पहचान हमेशा आपसी भाईचारे और मिल-जुलकर रहने की रही है, जिसे बनाए रखना जरूरी है।बैठक में उपस्थित सदस्यों ने भी निर्णय लिया कि मोहर्रम के दौरान व्यवस्था बनाए रखने, लोगों की सुविधा और शांतिपूर्ण आयोजन के लिए सभी मिलकर कार्य करेंगे। नई कमेटी के सदस्यों ने भी अपनी जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा से निभाने का संकल्प लिया।
*मोहर्रम की तैयारी को लेकर अंजुमन इस्लामिया की बैठक, इफ्तिखार अहमद बने 2026 मोहर्रम कमेटी के अध्यक्ष,शांतिपूर्ण और आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाने का लिया गया निर्णय*
byAvinash Sharma
-
0
Comments