उलीडीह में अज्ञात बस ने 80 वर्षीय बुजुर्ग को कुचला, इलाज के दौरान एमजीएम अस्पताल में मौत


जमशेदपुर: उलीडीह थाना क्षेत्र के संकोसाई रोड नंबर-4 निवासी सुदर्शन शर्मा (करीब 80 वर्ष) की शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। वह रोज की तरह सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकले थे, तभी डिमना से मानगो की ओर जा रही एक अज्ञात बस ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस की टक्कर से सुदर्शन शर्मा गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए तत्काल उन्हें इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए इलाज शुरू किया।हालांकि, सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट लगने के कारण उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। बुजुर्ग की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।घटना की सूचना पर उलीडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। वहीं, हादसे के बाद फरार हुई अज्ञात बस और उसके चालक की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।पुलिस का कहना है कि जल्द ही वाहन और चालक की पहचान कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इस दर्दनाक हादसे से क्षेत्र के लोगों में गहरा दुख और आक्रोश है।

Comments

और नया पुराने