*पेट्रोल पंपों की सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था की उपायुक्त ने की समीक्षा*


चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में जिले के पेट्रोल पंप संचालकों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी गौतम कुमार सहित बीपीसीएल, आईओसीएल एवं एचपीसीएल से जुड़े विभिन्न पेट्रोल पंप संचालक शामिल हुए।बैठक में उपायुक्त ने जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता, नियमित आपूर्ति तथा संचालन की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने उपभोक्ताओं को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।उपायुक्त ने सभी पेट्रोल पंपों पर स्वच्छ एवं उपयोगी शौचालय, सुरक्षित पेयजल व्यवस्था और पेट्रोल-डीजल की गुणवत्ता जांच से संबंधित अभिलेखों एवं पंजीयों का नियमित संधारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

 उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधाएं देना पेट्रोल पंप संचालकों की जिम्मेदारी है।बैठक के दौरान अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने सभी पेट्रोल पंपों पर अग्निशमन उपकरणों को चालू स्थिति में रखने और समय-समय पर जांच कराने का निर्देश दिया। साथ ही पेट्रोल पंप परिसर के अंदर और बाहर सीसीटीवी कैमरों का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने को कहा गया।पर्यावरण संरक्षण को लेकर उपायुक्त ने पेट्रोल पंप परिसरों में उपलब्ध जगह के अनुसार पौधारोपण और हरित क्षेत्र विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने पेट्रोल पंप कर्मियों की सुरक्षा को लेकर सभी कर्मचारियों को आवश्यक सेफ्टी टूल्स और सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने कहा कि प्रत्येक पेट्रोल पंप पर अस्पताल, पुलिस, अग्निशमन विभाग, तेल कंपनी अधिकारियों और अन्य आपातकालीन सेवाओं के संपर्क नंबर प्रमुखता से प्रदर्शित किए जाएं। साथ ही मुख्य सड़क पर पेट्रोल पंप की दूरी बताने वाले संकेतक बोर्ड लगाने का भी निर्देश दिया गया।सड़क सुरक्षा अभियान के तहत उपायुक्त ने हेलमेट उपयोग को बढ़ावा देने के लिए सभी पेट्रोल पंप संचालकों से सहयोग की अपील की। उन्होंने एक हजार हेलमेट वितरण कार्यक्रम में सहभागिता सुनिश्चित करने तथा जिला प्रशासन द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर में भी सक्रिय भागीदारी देने का अनुरोध किया।बैठक के अंत में उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि पेट्रोल पंप केवल ईंधन उपलब्ध कराने के केंद्र नहीं हैं, बल्कि आम नागरिकों को सुविधाएं और सुरक्षा देने वाले महत्वपूर्ण सेवा केंद्र भी हैं। सभी संचालक निर्धारित मानकों का पालन करते हुए बेहतर सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी निभाएं

Comments

और नया पुराने