चांडिल डैम में घंटों पानी में मस्ती करते दिखे तीन जंगली हाथी, जलक्रीड़ा देखने उमड़ी ग्रामीणों की भीड़


चांडिल : सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह प्रखंड अंतर्गत कल्याणपुर-धातकीडीह गांव के समीप स्थित चांडिल डैम शुक्रवार सुबह उस समय आकर्षण का केंद्र बन गया, जब तीन जंगली हाथियों का झुंड डैम के पानी में उतरकर जलक्रीड़ा करता नजर आया। सुबह करीब छह बजे हाथी डैम में पहुंचे और लंबे समय तक पानी में स्नान, तैराकी और अठखेलियां करते रहे।हाथियों को पानी में मस्ती करते देख आसपास के गांवों के लोग मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। कई लोगों ने इस अनोखे दृश्य को अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया, जिसके वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।ग्रामीणों का मानना है कि भीषण गर्मी और उमस से राहत पाने के लिए हाथी डैम के ठंडे पानी में उतरे थे। जलक्रीड़ा के दौरान हाथी सूंड उठाकर खेलते, पानी में तैरते और एक-दूसरे के साथ मस्ती करते दिखाई दिए। यह नजारा लोगों के लिए बेहद रोमांचक और यादगार साबित हुआ।हालांकि वन विभाग और स्थानीय प्रशासन ने लोगों से जंगली हाथियों के नजदीक न जाने तथा सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि जंगली हाथी शांत दिखाई देने के बावजूद कभी भी आक्रामक हो सकते हैं, इसलिए सतर्कता बरतना जरूरी है।कई घंटों तक चली इस अनोखी जलक्रीड़ा के बाद हाथियों का झुंड डैम क्षेत्र से आगे जंगल की ओर बढ़ गया। हाथियों की इस मस्ती और अठखेलियों की चर्चा पूरे चांडिल एवं आसपास के इलाकों में बनी हुई है।

Comments

और नया पुराने