पश्चिम सिंहभूम जिले के किरीबुरु में गुरुवार को ड्रग इंस्पेक्टर ने नशीली दवाओं के दुरुपयोग की रोकथाम तथा दवा दुकानों में नियमों के अनुपालन की जांच के उद्देश्य से तीन खुदरा मेडिकल स्टोरों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एक दवा दुकान में गंभीर अनियमितता सामने आने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई।जांच के दौरान संबंधित मेडिकल स्टोर में लाइसेंसधारी सक्षम व्यक्ति अनुपस्थित पाया गया। इसके अलावा, वहां अनिवार्य रूप से संधारित किया जाने वाला अनुसूची एच-1 रजिस्टर भी उपलब्ध नहीं था। ड्रग इंस्पेक्टर ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए बताया कि संबंधित दुकान का लाइसेंस औषधि एवं सौंदर्य प्रसाधन अधिनियम के तहत अनुज्ञापन प्राधिकारी द्वारा निलंबित किया जा सकता है।निरीक्षण के दौरान तीनों दुकानों में दवाओं की खरीद, बिक्री और स्टॉक बैलेंस से संबंधित अभिलेखों का सत्यापन किया गया, जो सही पाए गए। एक मेडिकल स्टोर में नींद की गोलियां उपलब्ध थीं, लेकिन उनकी बिक्री सेल अस्पताल, किरीबुरु के चिकित्सक द्वारा जारी वैध पर्ची के आधार पर की जा रही थी। संबंधित बिक्री का रिकॉर्ड भी संतोषजनक पाया गया।ड्रग इंस्पेक्टर ने दवा दुकानों में साफ-सफाई की कमी पर नाराजगी जताई और परिसर को स्वच्छ बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने सभी दुकानदारों को ढक्कनयुक्त कूड़ेदान रखने तथा किसी भी प्रकार की गंदगी से बचाव सुनिश्चित करने को कहा।अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के दौरान केवल एक दुकान में अग्निशामक यंत्र उपलब्ध पाया गया। अन्य दुकानों को भी किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तत्काल अग्निशामक यंत्र लगाने का निर्देश दिया गया।निरीक्षण के दौरान सभी दुकानों में सीसीटीवी कैमरे लगे मिले, लेकिन संदिग्ध गतिविधियों की बेहतर निगरानी सुनिश्चित करने के लिए कैमरों का रुख दुकान के सामने की ओर रखने की हिदायत दी गई। साथ ही सभी दवा विक्रेताओं को केवल वैध चिकित्सकीय पर्ची के आधार पर ही दवाओं की बिक्री करने की सख्त चेतावनी दी गई।हालांकि जांच के दौरान नशीली दवाओं के दुरुपयोग से जुड़ी किसी प्रकार की शिकायत या संदिग्ध गतिविधि सामने नहीं आई, जिससे प्रशासन ने राहत की सांस ली।
किरीबुरु में ड्रग इंस्पेक्टर का औचक निरीक्षण, एक मेडिकल स्टोर में मिली गंभीर अनियमितता
byAvinash Sharma
-
0
Comments