जमशेदपुर: टेल्को थाना क्षेत्र में पुलिस गश्ती दल के वाहन चालक पर अवैध वसूली का गंभीर आरोप लगा है। प्रकाश नगर निवासी संतोष सिंह ने आरोप लगाया है कि देर रात टेल्को प्लाजा से अपने घर लौटने के दौरान पुलिस गश्ती दल ने उनकी काले रंग की स्प्लेंडर बाइक रोक ली।संतोष सिंह के अनुसार बाइक के पीछे नंबर प्लेट नहीं होने का हवाला देते हुए उनसे जुर्माना भरने को कहा गया। उन्होंने कई बार अपनी बात रखने और अनुरोध करने का प्रयास किया, लेकिन उनकी बात नहीं सुनी गई तथा उनकी बाइक को टेल्को थाना ले जाया गया।पीड़ित का आरोप है कि बाद में बाइक छोड़ने के बदले उनसे 10 हजार रुपये की मांग की गई। उन्होंने यह भी कहा कि थाना का वाहन चालक ही "बड़ा बाबू" की तरह व्यवहार कर रहा था
और पूरे मामले में वही निर्णय ले रहा था।घटना से नाराज संतोष सिंह शुक्रवार सुबह टेल्को प्लाजा रोड पर अपनी बाइक के कागजात लेकर धरने पर बैठ गए। सड़क पर विरोध प्रदर्शन शुरू होते ही स्थानीय लोगों और राहगीरों की भीड़ जुट गई, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा।मामले की जानकारी मिलने पर टाइगर मोबाइल की टीम मौके पर पहुंची और पीड़ित को मामले की जांच कर उचित कार्रवाई तथा बाइक वापस दिलाने का आश्वासन दिया।
इसके बाद संतोष सिंह ने अपना धरना समाप्त कर दिया और सड़क जाम हटा लिया गया, जिससे यातायात सामान्य हो सका।फिलहाल मामले में पुलिस प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। हालांकि, यदि लगाए गए आरोपों की पुष्टि होती है तो यह पुलिस कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर सकता है। स्थानीय लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
Comments