चाईबासा: हाल ही में आए तेज आंधी-तूफान के बाद शहर के कई इलाकों में टूटे हुए पेड़ और उनकी भारी-भरकम टहनियां खतरनाक स्थिति में लटकी हुई हैं। इनसे किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका जताई जा रही है। इस गंभीर मामले को लेकर कांग्रेस जिला प्रवक्ता एवं सामाजिक कार्यकर्ता त्रिशानु राय ने अनुमंडल पदाधिकारी (सदर) चाईबासा संजय कुमार से अविलंब कार्रवाई की मांग की है।त्रिशानु राय ने बताया कि शहर के कई महत्वपूर्ण और व्यस्त स्थानों पर अब भी क्षतिग्रस्त पेड़ एवं टूटी हुई टहनियां लोगों के लिए खतरा बनी हुई हैं। इनमें अवर निबंधन कार्यालय के सामने, मानकी मुंडा न्याय पंच कार्यालय के पास, भरभरिया स्टैंड के समीप, जुबली तालाब परिसर तथा संभू मंदिर के आसपास के क्षेत्र प्रमुख रूप से शामिल हैं। इन स्थानों से प्रतिदिन बड़ी संख्या में राहगीर, स्कूली बच्चे और वाहन गुजरते हैं।उन्होंने कहा कि तेज हवा या बारिश की स्थिति में ये टूटी हुई टहनियां और कमजोर पेड़ कभी भी पूरी तरह गिर सकते हैं, जिससे जनहानि की आशंका बनी हुई है। इसके अलावा बिजली के तारों पर पेड़ गिरने की स्थिति में विद्युत आपूर्ति भी बाधित हो सकती है और व्यापक नुकसान होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।त्रिशानु राय ने प्रशासन का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि जनहित को सर्वोपरि रखते हुए शहर के विभिन्न क्षेत्रों में मौजूद मृत पेड़ों और खतरनाक स्थिति में लटकी टहनियों को प्राथमिकता के आधार पर हटाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि समय रहते कार्रवाई नहीं होने पर कोई अप्रिय घटना घट सकती है, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित विभागों पर होगी।उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की कि नगर परिषद, वन विभाग और विद्युत विभाग के समन्वय से विशेष अभियान चलाकर ऐसे सभी खतरनाक पेड़ों एवं टहनियों की पहचान कर उन्हें तत्काल हटाया जाए, ताकि शहरवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि बरसात का मौसम शुरू होने से पहले इस समस्या का समाधान आवश्यक है। नागरिकों का मानना है कि समय रहते एहतियाती कदम उठाकर संभावित हादसों को टाला जा सकता है।
आंधी-तूफान के बाद शहर में लटकी मौत की टहनियां, त्रिशानु राय ने प्रशासन से की तत्काल कार्रवाई की मांग
byAvinash Sharma
-
0
Comments