15 दिवसीय शतरंज समर कैंप का हुआ समापन, 6 लाख की इनामी राशि वाली इंटरनेशनल फीडे रेटिंग प्रतियोगिता का पोस्टर जारी


चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम जिला शतरंज संघ के तत्वावधान में तथा रुंगटा संस प्राइवेट लिमिटेड के सौजन्य से आयोजित 15 दिवसीय शतरंज समर कैंप का रविवार को भव्य समापन हुआ। सीताराम रुंगटा रिक्रिएशन हॉल, टाउन क्लब में आयोजित समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सदर पुलिस पदाधिकारी बहमन टूटी, संघ के संरक्षक एवं नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश, दीपेंद्र प्रसाद साहू तथा संघ के अध्यक्ष मुकुंद रुंगटा उपस्थित रहे।कार्यक्रम की शुरुआत संघ के अध्यक्ष मुकुंद रुंगटा द्वारा अतिथियों के स्वागत के साथ हुई। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि नियमित प्रशिक्षण और बेहतर मार्गदर्शन के कारण जिले के शतरंज खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए चाईबासा में एक बड़े और आधुनिक शतरंज हॉल की आवश्यकता महसूस की जा रही है, ताकि प्रतिभाओं को और बेहतर मंच उपलब्ध कराया जा सके।संघ के संरक्षक एवं नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश ने कहा कि जिला शतरंज संघ लगातार प्रतियोगिताओं और प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन कर रहा है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि देश के विभिन्न राज्यों से खिलाड़ी चाईबासा में आयोजित प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने पहुंच रहे हैं। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि नगर परिषद द्वारा एक भव्य टाउन हॉल के निर्माण के लिए जिला प्रशासन से अनुरोध किया गया है और जल्द ही इस दिशा में कार्य शुरू होने की उम्मीद है।संघ के महासचिव बसंत खंडेलवाल ने बताया कि 15 दिवसीय समर कैंप में कुल 38 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। समापन समारोह में सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं, मुख्य प्रशिक्षक मनीष शर्मा और सह प्रशिक्षक सूरज टीयू को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।समारोह के दौरान अतिथियों ने द्वितीय रुंगटा सीमेंट इंटरनेशनल फीडे रेटिंग शतरंज प्रतियोगिता के परिपत्र और पोस्टर का भी अनावरण किया। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता आगामी 30 सितंबर से 4 अक्टूबर तक खिरवाल बैंक्विट हॉल, चाईबासा में आयोजित की जाएगी।संघ के अध्यक्ष मुकुंद रुंगटा ने बताया कि इस वर्ष प्रतियोगिता को और अधिक भव्य स्वरूप देने की योजना है तथा इसमें 500 से अधिक खिलाड़ियों की भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा। महासचिव बसंत खंडेलवाल ने जानकारी दी कि प्रतियोगिता की कुल इनामी राशि 6 लाख रुपये निर्धारित की गई है। प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार 1 लाख रुपये, द्वितीय पुरस्कार 60 हजार रुपये तथा तृतीय पुरस्कार 40 हजार रुपये रखा गया है। इसके अलावा कुल 75 खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार और 50 अंडर-एज वर्ग के खिलाड़ियों को ट्रॉफी प्रदान की जाएगी।आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता में कई अंतरराष्ट्रीय ग्रैंडमास्टर और इंटरनेशनल मास्टर खिलाड़ियों के भाग लेने की संभावना है, जिससे यह आयोजन राष्ट्रीय स्तर पर विशेष आकर्षण का केंद्र बनेगा।कार्यक्रम का संचालन महासचिव बसंत खंडेलवाल ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सह सचिव अनंत लाल विश्वकर्मा ने दिया। इस अवसर पर बलराम सुल्तानिया, नरेंद्रनाथ पांडे, अर्पित खिरवाल, सुशील चोमाल, सुनील शर्मा, सुनील रुंगटा सहित बड़ी संख्या में खेलप्रेमी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।समर कैंप के सफल समापन और आगामी अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता की घोषणा से जिले के शतरंज खिलाड़ियों में उत्साह का माहौल है। यह आयोजन पश्चिम सिंहभूम में शतरंज के बढ़ते प्रभाव और खिलाड़ियों को मिल रहे बेहतर अवसरों का प्रमाण माना जा रहा है।

Comments

और नया पुराने