खासमहाल–गोविंदपुर सड़क निर्माण में अनियमितता का आरोप, भाजपा परसुडीह मंडल ने उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन


जमशेदपुर: खासमहाल–गोविंदपुर सड़क निर्माण कार्य में कथित अनियमितताओं और लंबे समय से अधूरे पड़े निर्माण कार्य को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) परसुडीह मंडल ने बुधवार को उपायुक्त, पूर्वी सिंहभूम को ज्ञापन सौंपकर त्वरित कार्रवाई की मांग की।भाजपा परसुडीह मंडल अध्यक्ष सुमित कुमार शर्मा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि लगभग 18 करोड़ रुपये की लागत से बन रही खासमहाल–गोविंदपुर सड़क लंबे समय से अधूरी और जर्जर स्थिति में पड़ी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य कर रहा संवेदक (ठेकेदार) कार्यस्थल से गायब है, जिसके कारण सड़क निर्माण पूरी तरह ठप हो गया है।प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि सड़क की खराब स्थिति के कारण क्षेत्र के लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जगह-जगह गड्ढे, कीचड़ और धूल के कारण सड़क पर चलना मुश्किल हो गया है। ऑटो और एम्बुलेंस चालकों द्वारा भी इस मार्ग से आने-जाने से परहेज किया जा रहा है, जिससे मरीजों, विद्यार्थियों और दैनिक यात्रियों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि स्थानीय लोगों ने कई बार संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों को समस्या से अवगत कराया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो स्थानीय नागरिकों का आक्रोश सड़क पर दिखाई दे सकता है।भाजपा परसुडीह मंडल ने प्रशासन से सड़क निर्माण कार्य की उच्चस्तरीय जांच कराने, संभावित भ्रष्टाचार एवं अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने, संबंधित संवेदक की जवाबदेही तय करने तथा निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने की मांग की है। साथ ही आम जनता की सुविधा के लिए तत्काल मरम्मत और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई गई।ज्ञापन सौंपने के बाद पूर्व मंत्री दुलाल भुइयां ने कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर खासमहाल–गोविंदपुर सड़क निर्माण कार्य दोबारा शुरू नहीं किया गया तो भाजपा परसुडीह मंडल स्थानीय निवासियों के साथ सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी।इस दौरान भाजपा परसुडीह मंडल अध्यक्ष सुमित कुमार शर्मा सहित राम सिंह मुंडा, कुसुम पूर्ति, प्रकाश शांडिल, रुद्रों मुंडा, दीपू शर्मा, विनोद कुमार सिंह, अभय चौबे, कन्हैया पांडे, गिरजा दुबे, सुभाष स्वर्णकार, राजकुमार, विजय विश्वकर्मा, अजय कुमार सिंह, संजीव कुमार ठाकुर, दीपक वर्णवाल, तपन कुमार, बबलू श्रीवास्तव, अंबेश उपाध्याय, पीके करवा, दीपक करवा, रायमुनी बोदरा, धन सिंह मुंडा, अशोक सिंहा, प्रीतम सिंह, अजय सिंह समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।भाजपा नेताओं ने प्रशासन से जनहित को ध्यान में रखते हुए मामले में शीघ्र और प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है।

Comments

और नया पुराने