जमशेदपुर: साकची थाना क्षेत्र में गुरुवार रात एक बार फिर बेखौफ अपराधियों ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए चेन स्नैचिंग की घटना को अंजाम दिया। रामलीला मैदान के पास बेटे के साथ स्कूटी से घर लौट रही महिला मोनिका सिंह के गले से बाइक सवार दो अपराधियों ने सोने की चेन छीन ली और मौके से फरार हो गए।घटना गुरुवार रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है। पीड़िता मोनिका सिंह ने साकची थाना में पल्सर बाइक पर सवार दो अज्ञात युवकों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है।मोनिका सिंह ने पुलिस को बताया कि वह साकची बाजार में काम से गई थीं। काम खत्म करने के बाद वह अपने बेटे के साथ स्कूटी से अपने घर सीतारामडेरा लौट रही थीं। इसी दौरान रामलीला मैदान के पास पीछे से पल्सर बाइक पर सवार दो युवक आए और झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन छीन ली।छिनतई के दौरान स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई, जिससे मोनिका सिंह घायल हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही साकची थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।पीड़िता के अनुसार, चेन छीनने के बाद दोनों बदमाश एमजीएम अस्पताल की ओर जाने वाली सड़क की तरफ फरार हो गए। उन्होंने यह भी बताया कि जिस स्थान पर घटना हुई, वहां सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं, जिससे अपराधियों की पहचान होने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुटी है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।लगातार हो रही छिनतई की घटनाओं ने साकची क्षेत्र में आम लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ओर जहां साकची में अवैध लॉटरी का कारोबार खुलेआम फल-फूल रहा है और उस पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने के आरोप लग रहे हैं, वहीं दूसरी ओर चेन स्नैचिंग जैसी घटनाओं में भी बढ़ोतरी देखी जा रही है। बीती रात की यह वारदात एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि आखिर शहर के व्यस्त इलाकों में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद क्यों हैं और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस की रणनीति कितनी प्रभावी साबित हो रही है।स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि अवैध गतिविधियों और आपराधिक तत्वों पर समय रहते सख्त कार्रवाई की जाती, तो ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकता था। अब लोगों की नजर पुलिस जांच और अपराधियों की गिरफ्तारी पर टिकी हुई है।
साकची में महिला से चेन स्नैचिंग: बेटे के साथ घर लौट रही मोनिका सिंह को बनाया निशाना, स्कूटी से गिरकर हुई घायल
byAvinash Sharma
-
0
Comments