*रेल सिविल डिफेंस टीम ने इलेक्ट्रिक लोको शेड कर्मचारियों को दिया आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण*


जमशेदपुर: टाटानगर रेल सिविल डिफेंस टीम की ओर से न्यू इलेक्ट्रिक लोको शेड टाइम ऑफिस के समक्ष कर्मचारियों के लिए आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कर्मचारियों को बेसिक लाइफ सपोर्ट, प्राथमिक चिकित्सा और फायर फाइटिंग की जानकारी दी गई।इलेक्ट्रिक लोको शेड के वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता अंशुमान सिंह की पहल पर आयोजित इस प्रशिक्षण का उद्देश्य कार्यस्थल पर किसी भी हादसे की स्थिति में कर्मचारियों को आत्मनिर्भर बनाना और सुरक्षा के साथ कार्य करने के लिए तैयार करना था।

सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर राष्ट्रपति सम्मानित सदस्य संतोष कुमार ने बताया कि इलेक्ट्रिक लोको शेड रेलवे के महत्वपूर्ण विभागों में से एक है, जहां इलेक्ट्रिक इंजन की बड़े स्तर पर मरम्मत और देखभाल की जाती है। यहां राजधानी, दुरंतो, सुपरफास्ट एक्सप्रेस और मालगाड़ियों के इंजनों के रख-रखाव की जिम्मेदारी होती है। ऐसे में कर्मचारियों को सुरक्षित और कुशल तरीके से कार्य करना जरूरी है।प्रशिक्षण के दौरान कर्मचारियों को भारी सामान उठाने के दौरान होने वाली चोटों, कॉलर बोन फ्रैक्चर और कलाई फ्रैक्चर जैसी स्थिति में ट्रायंगुलर बैंडेज के माध्यम से प्राथमिक उपचार की जानकारी दी गई। साथ ही फायर एक्सटिंग्विशर पर अंकित एबी, सीडी और एबीसी के अर्थ समझाते हुए वाटर टाइप, फोम टाइप, सीओटू, क्लीन एजेंट और ड्राई केमिकल पाउडर टाइप अग्निशामक यंत्रों के उपयोग की जानकारी दी गई।डेमोंस्ट्रेटर शंकर कुमार प्रसाद ने बेहोश व्यक्ति की जांच, सीपीआर देने की प्रक्रिया और फायर एक्सटिंग्विशर चलाने की विधि एवं सावधानियों के बारे में प्रशिक्षण दिया। वहीं डेमोंस्ट्रेटर अनामिका मंडल ने कार्य के दौरान सिर में चोट, छाती में चोट और उंगली कटने जैसी स्थिति में बैंडेज करने का व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया।

कार्यक्रम में वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता अंशुमान सिंह, सहायक मंडल विद्युत अभियंता सुदीप आचार्य, वरिष्ठ अनुभाग अभियंता धीरज कुमार, आरएन महतो सहित अन्य विभागों के वरिष्ठ अनुभाग अभियंता, सीनियर टेकनीशियन, टेकनीशियन वन, टेकनीशियन थ्री और लिपिक कर्मचारी मौजूद रहे। प्रशिक्षण में कुल 250 कर्मचारियों ने भाग लिया।कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता अंशुमान सिंह ने सिविल डिफेंस प्रशिक्षण को कर्मचारियों के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए महीने में दो बार इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने का प्रस्ताव रखा। धन्यवाद ज्ञापन वरिष्ठ अनुभाग अभियंता धीरज कुमार ने किया।

Comments

और नया पुराने