डालसा ने विश्व बाल श्रम उन्मूलन दिवस पर विधिक जागरूकता कार्यक्रम एवं रैली आयोजित की

चाईबासा: विश्व बाल श्रम उन्मूलन दिवस के अवसर पर 12 जून को जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) चाईबासा की ओर से कौशल नर्सिंग प्रशिक्षण केंद्र, चाईबासा सदर अस्पताल में विधिक जागरूकता कार्यक्रम एवं रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को बाल श्रम के दुष्परिणामों और इससे जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी देकर जागरूक किया गया।

राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण दिल्ली (नालसा) और झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार रांची (झालसा) के निर्देशानुसार प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह डालसा अध्यक्ष मोहम्मद शाकिर के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकार पश्चिमी सिंहभूम चाईबासा के तत्वावधान में कार्यक्रम आयोजित किया गया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डालसा सचिव रवि चौधरी ने बाल श्रम निषेध अधिनियम की जानकारी विस्तार से दी। उन्होंने कहा कि विश्व स्तर पर 12 जून को बाल श्रम उन्मूलन दिवस मनाने का उद्देश्य बच्चों को उनके स्वाभाविक विकास के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। 

आज भी समाज में बाल श्रम की समस्या बनी हुई है, जो चिंताजनक है। बच्चों को इस स्थिति से बाहर निकालकर शिक्षा और विकास की मुख्यधारा से जोड़ना सभी की जिम्मेदारी है।उन्होंने कहा कि बच्चों से श्रम या किसी भी प्रकार का काम कराना कानूनन अपराध है। बाल श्रम कराने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है, जिसमें जुर्माना और सजा दोनों शामिल हैं। कम उम्र में काम करने से बच्चों के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।रवि चौधरी ने लोगों से अपील की कि यदि किसी क्षेत्र में कोई बच्चा काम करने के लिए मजबूर है तो इसकी सूचना नालसा के टोल फ्री नंबर 15100 पर दें, ताकि उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़कर उनकी समस्या का समाधान किया जा सके। उन्होंने बताया कि इसके लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकार कार्यालय में आवेदन भी दिया जा सकता है।इस अवसर पर चिकित्सक डॉ. जगन्नाथ हेम्ब्रम भी उपस्थित थे। पीएलवी रेणु देवी ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए डालसा की कार्यप्रणाली और संरचना की जानकारी दी। स्वागत एवं धन्यवाद ज्ञापन कौशल नर्सिंग प्रशिक्षण केंद्र के प्रिंसिपल ने किया।कार्यक्रम को सफल बनाने में पीएलवी हेमराज निषाद, जया रवि और रविकांत ठाकुर ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। जागरूकता कार्यक्रम के बाद रैली निकालकर लोगों को बाल श्रम के खिलाफ जागरूक किया गया।

Comments

और नया पुराने