जमशेदपुर के बर्मामाइंस थाना परिसर में शनिवार, 13 जून को थाना प्रभारी निरंजन कुमार के नेतृत्व में मोहर्रम पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में बर्मामाइंस क्षेत्र के विभिन्न बस्तियों के प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।बैठक के दौरान मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से मनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस अवसर पर बस्तीवासियों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को प्रशासन के समक्ष रखा। लोगों ने कई स्थानों पर स्ट्रीट लाइट की कमी, सड़कों की खराब स्थिति, जलजमाव की समस्या तथा पर्व के दौरान नियमित पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग की।थाना प्रभारी निरंजन कुमार ने सभी सुझावों और समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि मोहर्रम से पहले संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक समस्याओं के समाधान का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता है कि पर्व के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी लोग सुरक्षित माहौल में त्योहार मना सकें।बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि इस वर्ष मोहर्रम के अवसर पर एक विशेष कैंप स्थापित किया जाएगा, जहां पुलिस और स्थानीय लोग मिलकर पर्व की गतिविधियों पर नजर रखेंगे। पुलिस-पब्लिक की संयुक्त भागीदारी से पूरे आयोजन की मॉनिटरिंग की जाएगी। बैठक में उपस्थित लोगों ने भी प्रशासन का सहयोग करने का भरोसा दिया। अंततः सभी ने आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मोहर्रम मनाने पर सहमति जताई।
Comments