रांची/तमाड़, 13 जून 2026: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन शनिवार को अपनी धर्मपत्नी एवं गांडेय विधायक कल्पना सोरेन के साथ तमाड़ स्थित प्राचीन शक्तिपीठ सोलहभुजी माँ दिउड़ी मंदिर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में विधिवत पूजा-अर्चना कर राज्यवासियों की सुख, शांति, समृद्धि, खुशहाली और उन्नति की कामना की।मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार माता रानी के दरबार में मत्था टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच धार्मिक पुरोहित मनोज पंडा एवं मुख्य पाहन सुखराम जी द्वारा पूजन संपन्न कराया गया।मुख्यमंत्री के मंदिर पहुंचने की सूचना मिलते ही आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और ग्रामीण मंदिर परिसर में जुट गए। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर लोगों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।पूजा-अर्चना के उपरांत मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत राज्य की पहचान है। उन्होंने कहा कि प्रसिद्ध माँ दिउड़ी मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था का महत्वपूर्ण केंद्र है और इस मंदिर परिसर में आने मात्र से सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।मुख्यमंत्री ने माँ दिउड़ी से प्रार्थना करते हुए झारखंड के सभी नागरिकों के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि बनी रहे तथा राज्य निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़े, ऐसी कामना की।माँ दिउड़ी मंदिर झारखंड के प्रमुख धार्मिक स्थलों में से एक है, जहां प्रतिवर्ष हजारों श्रद्धालु माता के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं।
माँ दिउड़ी मंदिर पहुंचे मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन, पत्नी कल्पना सोरेन संग की पूजा-अर्चना; राज्य की सुख-समृद्धि की कामना
byAvinash Sharma
-
0
Comments