त्रिशानु राय की पहल का असर, संत जेवियर्स बालिका विद्यालय तक सड़क निर्माण की प्रक्रिया शुरू


चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला कांग्रेस प्रवक्ता सह सामाजिक कार्यकर्ता त्रिशानु राय के प्रयासों का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। चाईबासा स्थित संत जेवियर्स बालिका विद्यालय तक सुगम पहुंच मार्ग निर्माण को लेकर जिला प्रशासन ने प्रक्रिया शुरू कर दी है। जिला योजना पदाधिकारी, पश्चिमी सिंहभूम द्वारा ग्रामीण कार्य विभाग को तकनीकी स्वीकृति के लिए प्राक्कलन तैयार करने का निर्देश दिया गया है।बताया गया कि छात्राओं और स्थानीय लोगों की समस्या को देखते हुए त्रिशानु राय ने विद्यालय तक पहुंच पथ निर्माण की मांग जिला प्रशासन के समक्ष रखी थी। इसके बाद जिला योजना कार्यालय ने लुपुंगुटू मुख्य पथ से संत जेवियर्स बालिका विद्यालय, चाईबासा तक सड़क निर्माण के लिए आवश्यक प्रक्रिया शुरू की है।जारी निर्देश के अनुसार संबंधित विभाग को स्थल निरीक्षण कर तकनीकी प्रतिवेदन, जियो टैग्ड फोटोग्राफ, लॉन्गिट्यूड-लैटीट्यूड विवरण सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों के साथ जल्द प्राक्कलन उपलब्ध कराने को कहा गया है, ताकि योजना को प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू किया जा सके।सड़क निर्माण होने से विद्यालय में पढ़ने वाली छात्राओं को सीधा लाभ मिलेगा। खासकर बरसात के दिनों में विद्यालय तक आने-जाने में होने वाली परेशानी दूर होगी। इसके साथ ही आसपास के ग्रामीणों और अभिभावकों को भी बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी।इस संबंध में त्रिशानु राय ने गुरुवार को कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विकास समाज के भविष्य के लिए जरूरी है। संत जेवियर्स बालिका विद्यालय तक पहुंच मार्ग बनने से छात्राओं को सुरक्षित और सुविधाजनक आवागमन मिलेगा। उन्होंने इस पहल के लिए जिला प्रशासन का आभार जताया।स्थानीय लोगों ने भी इस निर्णय का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि सभी प्रक्रियाएं जल्द पूरी कर निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। सड़क बनने से छात्राओं की समस्या का समाधान होने के साथ क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी।

Comments

और नया पुराने