जमशेदपुर: सोनारी थाना क्षेत्र अंतर्गत डोबो पुल पर बुधवार रात करीब 10 बजे एक युवती द्वारा नदी में छलांग लगाने की कोशिश किए जाने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, मौके पर मौजूद स्थानीय युवकों की सतर्कता और तत्परता से युवती को समय रहते बचा लिया गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवती पुल के किनारे पहुंचकर छलांग लगाने का प्रयास कर रही थी। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ स्थानीय युवकों की नजर उस पर पड़ी।
स्थिति की गंभीरता को समझते हुए युवकों ने तुरंत हस्तक्षेप किया और युवती को सुरक्षित पकड़कर पुल से दूर ले गए।घटना की सूचना मिलते ही सोनारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को अपने संरक्षण में लेकर आवश्यक पूछताछ की। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवती मानसिक तनाव में बताई जा रही है, हालांकि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।स्थानीय लोगों ने युवकों की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया। पुलिस द्वारा युवती के परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है तथा आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
Comments