डुमरिया: पूर्वी सिंहभूम जिले के डुमरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत डुमरिया-कोवाली मुख्य मार्ग पर बुधवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। बादलगोड़ा और बोमरो गांव के बीच स्थित होरगाडा पुलिया पर लोहे की पाइप से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पुलिया के नीचे जा गिरा।गनीमत रही कि हादसे के दौरान ट्रक चालक और खलासी सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे। दोनों को गंभीर चोट नहीं आई है।
घटना के बाद कुछ समय के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक पुलिया के समीप संतुलन खो बैठा, जिसके बाद वह सीधे नीचे जा गिरा।स्थानीय ग्रामीणों ने इस दुर्घटना के लिए कोवाली-डुमरिया सड़क की जर्जर स्थिति को जिम्मेदार ठहराया है। ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से सड़क निर्माण कार्य अधूरा पड़ा हुआ है। कई स्थानों पर बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं।
इसके बावजूद संबंधित विभाग द्वारा कोई ठोस पहल नहीं की जा रही है।ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने और मार्ग की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
Comments