जमशेदपुर: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 5 जून को वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, झारखंड सरकार के जमशेदपुर वन प्रमंडल द्वारा "ग्रीनाथॉन – वॉक फॉर एनवायरमेंट" का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को पर्यावरण संरक्षण, हरित जीवनशैली अपनाने और प्रकृति के प्रति जागरूक करना था।यह आयोजन सोनारी स्थित वन भवन (साईं मंदिर के निकट) परिसर में आयोजित किया गया,
जिसमें वन विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में पर्यावरण प्रेमियों ने भाग लिया।कार्यक्रम के दौरान आरसीसीएफ स्मिता पंकज ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधारोपण करने, प्लास्टिक के उपयोग को कम करने और स्वच्छ एवं हरित वातावरण के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।ग्रीनाथॉन के तहत प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पदयात्रा निकाली। इस दौरान लोगों को जल, जंगल और जमीन के संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया तथा पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का संकल्प दिलाया गया।कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का भी आयोजन किया गया।
वक्ताओं ने कहा कि जलवायु परिवर्तन, बढ़ते प्रदूषण और प्राकृतिक संसाधनों के क्षरण जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी आवश्यक है।विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित इस ग्रीनाथॉन के माध्यम से लोगों को प्रकृति के संरक्षण, पर्यावरणीय जिम्मेदारियों के निर्वहन तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करने का संदेश दिया गया।
Comments