विश्व पर्यावरण दिवस पर पप्पू सरदार ने बांटे 400 फलदार पौधे, दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

जमशेदपुर: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर गुरुवार को साकची बाजार हण्डी लाइन स्थित मनोहर चाट दुकान के सामने समाजसेवी पप्पू सरदार द्वारा फलदार पौधों का निःशुल्क वितरण किया गया। पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में आम, अमरूद, नींबू, संतरा और जामुन सहित विभिन्न प्रजातियों के लगभग 400 पौधे लोगों के बीच वितरित किए गए।इस अवसर पर पप्पू सरदार ने बताया कि इस वर्ष उन्होंने पौधारोपण अभियान को "एक पेड़ मां-बहन के नाम" थीम के साथ आयोजित किया है। उन्होंने कहा कि हाल ही में रिलीज हुई अभिनेत्री माधुरी दीक्षित की फिल्म "मां बहन" से प्रेरित होकर उन्होंने लोगों से अपनी मां और बहनों के सम्मान में एक-एक पौधा लगाने की अपील की है।
पप्पू सरदार ने कहा कि पेड़-पौधे पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ये न केवल प्रदूषण को कम करते हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, स्वस्थ और सुरक्षित वातावरण भी प्रदान करते हैं। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आग्रह किया।कार्यक्रम की जानकारी एक दिन पूर्व सोशल मीडिया के माध्यम से साझा की गई थी, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग पौधे लेने के लिए पहुंचे। लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए अपने घरों, मोहल्लों और आसपास के क्षेत्रों में पौधारोपण करने का संकल्प लिया।पप्पू सरदार ने कहा कि भविष्य में भी वे जनहित और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन करते रहेंगे, ताकि समाज में हरियाली और पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके।विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित इस अभियान ने लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रेरित किया और प्रकृति के साथ जुड़ने का संदेश दिया।

Comments

और नया पुराने