बोकारो: जिले के चंद्रपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत झरनाडीह गांव में गुरुवार सुबह एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां अपने चचेरे भाई की जान बचाने के प्रयास में एक युवक ने अपनी जान गंवा दी। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।जानकारी के अनुसार, झरनाडीह स्थित ग्रामीण तालाब में नहाने के दौरान 22 वर्षीय दीपक यादव का चचेरा भाई अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। भाई को संकट में देख दीपक यादव बिना अपनी जान की परवाह किए उसे बचाने के लिए तालाब में कूद पड़ा।
बताया जाता है कि दीपक ने अपने चचेरे भाई को धक्का देकर सुरक्षित बाहर निकाल दिया, लेकिन खुद गहरे पानी में फंस गया और बाहर नहीं निकल सका। देखते ही देखते वह पानी में डूब गया।घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में तालाब के पास जुट गए और उसकी तलाश शुरू की। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद दीपक का शव तालाब से बाहर निकाला गया।परिजन तत्काल उसे स्थानीय डीवीसी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक दीपक यादव, मिलटन यादव का बड़ा पुत्र बताया जा रहा है।घटना की सूचना मिलने पर चंद्रपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही तालाब की गहराई और वहां सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की भी जांच की जा रही है।दीपक यादव की इस बहादुरी और त्याग की चर्चा पूरे इलाके में हो रही है। जिस दौर में रिश्तों को लेकर सवाल उठते रहते हैं, उस दौर में दीपक ने अपने चचेरे भाई की जान बचाने के लिए अपनी जान न्योछावर कर भाईचारे और त्याग की एक मिसाल पेश की है।घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में मातम का माहौल है।
Comments