कपाली में रंगदारी को लेकर फायरिंग, अफसर नवाज़ घायल; गोल्डी, कुबड़ा सादिक समेत कई युवकों पर आरोप

सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत इस्लामनगर वार्ड नंबर-5 मजार लाइन के पास 1 जून मंगलवार दोपहर रंगदारी को लेकर हुई फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। इस घटना में ओल्ड पुरुलिया रोड नंबर-20 निवासी अफसर नवाज़ घायल हो गए।घायल अफसर नवाज़ ने बताया कि वह वार्ड नंबर-5 स्थित अपनी जमीन पर निर्माण कार्य करवा रहे थे यह ज़मीन उनकी खुद की रजिस्ट्री ज़मीन है । वह हार्डवेयर दुकान किसी काम से गए हुए थे, इसी दौरान उन्हें फोन पर सूचना मिली कि कुछ युवक जमीन पर पहुंचकर रंगदारी की मांग कर रहे हैं। सूचना मिलने के बाद वह तुरंत मौके पर पहुंचे।अफसर नवाज़ के अनुसार, मौके पर गोल्डी, कुबड़ा सादिक, बल्लू, जम्बू बच्चा समेत अन्य युवक मौजूद थे। युवकों ने कथित तौर पर रंगदारी देने या फिर जमीन पर काम बंद करने को कहा। विरोध करने पर एक युवक ने हथियार निकालकर फायरिंग कर दी। आरोप है कि गोल्डी सुबह से रेकी कर रहा था।अफसर नवाज़ का आरोप है कि फायरिंग के दौरान एक गोली उनके दाहिने पैर में लगी, जबकि दूसरी गोली सिर को छूते हुए निकल गई। घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इस पूरे मामले के पीछे बाबा रथ और सद्दाम नामक युवकों का हाथ है। वहीं सद्दाम का कहना है कि कुछ युवक उन्हें निशाना बनाने के इरादे से आए थे और सुबह से रेकी कर रहे थे, उनका इस मामले में कोई हाथ नहीं है।घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल से दो खोखा बरामद किए गए हैं।कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।फिलहाल घटना के पीछे की असली वजह और किसकी क्या भूमिका है, इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।

Comments

और नया पुराने