नशे के दौरान पैसों के लेन-देन को लेकर हुआ विवाद, उलीडीह गोलीकांड में तीन आरोपी गिरफ्तार, हथियार बरामद


जमशेदपुर: उलीडीह ओपी क्षेत्र के शंकोसाई रोड नंबर-4 स्थित खड़िया बस्ती में मंगलवार देर रात हुई गोलीबारी की घटना का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया है कि नशे के दौरान पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में युवक को गोली मारी गई थी। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया है।पुलिस के अनुसार, 16 जून की रात करीब 11 बजे एमजीएम थाना को सूचना मिली कि गोली लगने से घायल एक युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल की पहचान राजनगर निवासी 21 वर्षीय देवदास गोप उर्फ देव के रूप में हुई। प्रारंभिक स्तर पर घटनास्थल स्पष्ट नहीं होने के कारण एमजीएम थाना और उलीडीह ओपी पुलिस ने अपने-अपने क्षेत्रों में जांच शुरू की। सत्यापन के दौरान पता चला कि फायरिंग की घटना उलीडीह ओपी क्षेत्र के शंकोसाई रोड नंबर-4 स्थित खड़िया बस्ती में हुई थी।वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर ग्रामीण (प्रभार में नगर) पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं पटमदा डीएसपी के नेतृत्व में एमजीएम थाना और उलीडीह ओपी की संयुक्त टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान घायल देवदास को अस्पताल पहुंचाने वाले युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।पूछताछ में नीरज प्रधान और देवाशीष प्रधान ने बताया कि घटना के समय सभी लोग नीरज प्रधान के घर पर बैठकर नशा कर रहे थे। इसी दौरान पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद शुरू हुआ। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर नीरज प्रधान ने अपने पास रखे पिस्टल से देवदास गोप को गोली मार दी।गोली लगने के बाद नीरज प्रधान और देवाशीष प्रधान घायल देवदास को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल से निकलने की तैयारी के दौरान पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने घटनास्थल की पुष्टि की और घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया।गिरफ्तार आरोपी:नीरज प्रधान (23 वर्ष), निवासी शंकोसाई रोड नंबर-5, अलमीरा फैक्ट्री के समीप, उलीडीह, जमशेदपुर।देवाशीष प्रधान (21 वर्ष), निवासी बेटकलसाई, जगन्नाथ मंदिर के समीप, केन्दमुण्डी, थाना राजनगर, सरायकेला-खरसावां।शिवा गौड़ा, निवासी शंकोसाई रोड नंबर-5, अलमीरा फैक्ट्री के समीप, जमशेदपुर।पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही बरामद हथियार के स्रोत और उसके वैध-अवैध होने की भी जांच की जा रही है। घटना के पीछे किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता है या नहीं, इसकी भी पड़ताल जारी है।

Comments

और नया पुराने