*उपायुक्त ने विद्युत विभाग की समीक्षा बैठक में ऊर्जा मेला आयोजित करने का दिया निर्देश*

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में जिला समाहरणालय स्थित प्रकोष्ठ में विद्युत विभाग से संबंधित समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में विद्युत व्यवस्था, आधारभूत संरचना और विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।बैठक में उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार, विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान उपायुक्त मनीष कुमार ने जिले में विद्युत संरचना के सुदृढ़ीकरण, आधारभूत विद्युत अधोसंरचना के विस्तार, ट्रांसफार्मरों की उपलब्धता, विद्युत आपूर्ति की स्थिति तथा विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने विद्युत सेवाओं को और बेहतर बनाने तथा आम उपभोक्ताओं को सुगम सुविधा उपलब्ध कराने को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।उपायुक्त ने जिले में ऊर्जा मेला आयोजित करने का निर्देश देते हुए कहा कि इसका उद्देश्य आम उपभोक्ताओं को विद्युत विभाग की सेवाओं से सीधे जोड़ना और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। 
उन्होंने निर्देश दिया कि ऊर्जा मेला में उपभोक्ताओं की विभिन्न समस्याओं और शिकायतों के समाधान के लिए विषयवार स्टॉल लगाए जाएं, ताकि लोगों को एक ही स्थान पर सभी जरूरी जानकारी और सेवाएं मिल सकें।उन्होंने ऊर्जा मेला के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर देते हुए कहा कि अधिक से अधिक उपभोक्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। साथ ही मेले में प्राप्त आवेदनों और शिकायतों का समय पर निष्पादन करने तथा उनकी नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया।

बैठक में जिले की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने, उपभोक्ता संतुष्टि बढ़ाने और विभागीय सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के अंदर सभी आवश्यक कार्यों को पूरा करने का निर्देश दिया।इस दौरान विद्युत विभाग के पदाधिकारियों ने विभागीय कार्यों की वर्तमान स्थिति और आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी।

Comments

और नया पुराने